गोरखपुर (हि.स.)। गीडा पुलिस ने सोमवार को एक अभियुक्त को सौ-सौ के जाली नोटों के साथ थाना क्षेत्र के बाघागड़ा से गिरफ्तार किया है। इसके पास से 11 जाली नोट बरामद हुए हैं। आरोपी की पहचान गोला थाना क्षेत्र के बारानगर निवासी दयाशंकर यादव (23) पुत्र तप्पे के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इसमें गोल थाना में मुकदमा अपराध संख्या 39/16 में भारतीय दंड संहिता की धारा 457, 380, 411 के तहत मुकदमा दर्ज है। जबकि गीडा थाना में यह मुकदमा अपराध संख्या 196/21 में भारतीय दंड संहिता की धारा 489बी में वांछित चल रहा था।
गिरफ्तार करने वाली टीम की अगुवाई कर रहे उप निरीक्षक अनूप कुमार तिवारी ने बताया टीम के सदस्य चौकी प्रभारी नौसड़, कांसटेबल शुभम चौधरी और विजय शुक्ला के साथ इसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने में जुटी है।
