लखनऊ (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन मुम्बई जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 01028 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल ट्रेन का संचालन 04 अप्रैल से 02 जुलाई तक करेगा। इससे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से मुम्बई जाने वाले यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन के मुताबिक, मुम्बई जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 01028 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल ट्रेन का संचालन 04 अप्रैल से 02 जुलाई तक किया जाएगा। यह स्पेशल ट्रेन चार अप्रैल से प्रत्येक सोमवार, बुधवार, गुरुवार एवं शनिवार को गोरखपुर से अपराह्न 02:25 बजे चलेगी और दूसरे दिन लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर देर रात 03:35 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह से 01027 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन का संचालन 02 अप्रैल से 30 जून तक किया जाएगा। यह स्पेशल ट्रेन 02 अप्रैल से प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से अपराह्न 02:15 बजे से चलकर दूसरे दिन गोरखपुर स्टेशन पर देर रात 02:45 बजे पहुंचेगी। अप- डाउन दोनों तरफ की ट्रेनों में यात्री सामान्य श्रेणी के कोच में अनारक्षित टिकट लेकर यात्रा कर सकते हैं। इसके लिए यात्रियों को सामान्य ट्रेन की तुलना में थोड़ा अधिक किराया देना होगा। ट्रेन में शयनयान श्रेणी के 11, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 04, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 01, साधारण द्वितीय श्रेणी के 04 और एसएलआरडी के 02 कोचों सहित कुल 22 बोगियां लगाई जाएंगी।
दीपक
