गोरखपुर: सुबह की सैर पर निकली 2 लड़कियों को ट्रक ने रौंदा, मौत

गोरखपुर (हि.स.)। बेलीपार थाना अंतर्गत महाबीर छपरा के निकट शनिवार की सुबह-सुबह सैर पर निकली दो लड़कियों को एक ट्रक ने रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य लड़की घायल हो गई है। स्थानीय लोग इस हादसे से बहुत आक्रोशित हैं। उन्होंने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक दोनों लड़कियों की शिनाख्त थाना गोला के तमलिया गांव की रीमा गुप्ता (18) पुत्री हनुमान प्रसाद और बेलीपार थाना क्षेत्र के महावीर छपरा निवासी श्रीजल वर्मा (17) पुत्री विनय वर्मा के रूप में हुई है। घायल लड़की का नाम प्रिया वर्मा है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुल छह लड़कियां शनिवार की सुबह-सुबह टहलने निकली थीं।महावीर छपरा के निकट पहुंचते ही एक ट्रक ने दो लड़कियों को कुचल दिया। ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है लेकिन आक्रोशित जनता ने यातायात जाम कर दिया।

सांसद रवि किशन इस दौरान चुनावी सभा में हिस्सा लेने जौनपुर जा रहे थे। वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सान्त्वना दी और पुलिस को ट्रक चालक को शीघ्र पकड़ने के निर्देश दिये। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। 

error: Content is protected !!