Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर : सीसीटीवी-ड्रोन का सहारा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

गोरखपुर : सीसीटीवी-ड्रोन का सहारा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

– भारत बंद के आह्वान पर प्रशासन सख्त, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की हुई तैनाती

– गलियों और चौराहों पर बरती जा रही विशेष सतर्कता
गोरखपुर (हि.स.)। भारत बन्द के आह्वान पर गोरखपुर पुलिस सतर्क है। अराजक तत्वों से निपटने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये गए हैं। जगह-जगह लगे सीसीटीवी को दुरुस्त कराकर आंदोलनकारियों पर निगाह रखी जा रही है।
संवेदनशीन क्षेत्रों के रूप में चिह्नित क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। गलियों और चौराहों पर पुलिस गश्त लगा रही है। यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले अराजकतत्वों से निपटने की भी तैयारी पूरी है। इधर, एसएसपी जोगेन्द्र कुमार ने कहा है कि व्यापारी दुकान खोलें, पुलिस उनको सुरक्षा देगी।
बता दें कि सोमवार को किसान आंदोलन के समर्थन में विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दिन भर दौड़ भाग करनी पड़ी थी। सूबा बाजार से रामनगर कड़जहां तक सपा के पदयात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में रही। सूबा बाजार में सड़क पर बैठकर सपा नेताओं ने प्रदर्शन किया था। उधर, कई अन्य संगठनों ने शास्त्री चौराहे सहित अन्य जगहों पर भी विरोध जताया था। मंगलवार को भारत बंद का ऐलान किया गया है। इसको देखते हुए सोमवार की देर रात को ही एसएसपी ने पुलिस बल की ब्रीफिंग की।
जबरिया दुकान बन्द करने वालों पर होगा मुकदमा
प्रशासन की तैयारी के मुताबिक जबरदस्ती दुकानों को बन्द कराने की कोशिश करने वालों पर मुकदमा होगा। सख्त कार्रवाई होगी। इस बावत थानेदार, चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया गया है।
दिन भर व्यापारियों को सुरक्षा देगी पुलिस : एसएसपी
एसएसपी ने कहा है कि सुरक्षा के लिए पुलिस बल मौजूद रहेगा। सामान्य जन-जीवन को प्रभावित करने वाले अराजकतत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। सभी कारोबारी समय से अपनी दुकानें खोलें। कुछ दुकानें खुलने लगीं हैं। हर रोज की तरह 11 बजे तक अन्य दुकानों के खुलने की उम्मीद है। उनकी सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular