-पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया
गोरखपुर (हि.स.)। रामगढ़ताल इलाके में स्थित मॉडल शॉप पर काम करने वाले वेटर मनीष प्रजापति की पीट-पीटकर हत्या के मामले में इंस्पेक्टर रामगढ़ताल के के राणा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही सीओ कैंट राहुल भाटी को भी हटाया गया है। अभी एक दिन पहले ही केके राणा को रामगढ़ ताल थाने का चार्ज मिला था।
सीओ कैंट राहुल भाटी को बांसगांव का नया सीओ बनाया गया है। उनकी जगह बांसगांव सीओ श्याम विंद को कैंट की जिम्मेदारी मिली है। रामगढ़ताल थाना की जिम्मेदारी अब क्राइम ब्रांच में इंस्पेक्टर रहे सुशील शुक्ला को मिला है।
हिरासत में लेकर छह लोगों से पूछताछ
गोरखपुर के माडल शॉप में मुफ्त में शराब न पिलाने पर वेटर मनीष की जान लेने वालों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है। इस मामले में अभी तक पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर आरोपितों के बारे में पूछताछ की जा रही है। हिस्ट्रीशीटर के कथित भाई की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
बता दें कि गुरुवार की रात में हिस्ट्रीशीटर के कथित भाई ने मुफ्त में शराब न पिलाने पर वेटर मनीष और कर्मचारी रघु को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। मनीष की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में 10 से 15 अज्ञात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
