गोरखपुर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस पर विश्विद्यालय की पहली नॉन-प्रॉफिट कंपनी ‘जीरो वेस्ट कैंपस’ की शुरुआत की गई। यह कंपनी बॉयोडिग्रेडेबल वेस्ट से जैविक खाद बनाने एवं उसकी मार्केटिंग तथा अन्य कार्यो का प्रबंधन करेगी।
कुलपति प्रो राजेश सिंह ने आज इस कंपनी के नये भवन तथा बॉयोडिग्रेडेबल वेस्ट से जैविक खाद बनाने वाली विश्विद्यालय की दूसरी मशीन का उद्घाटन किया। इस कंपनी के संचालन में विश्विद्यालय के शिक्षक एडवाइजरी भूमिका में, विद्यार्थी अर्न व्हाईल लर्न के माध्यम से सहभागिता करेंगे तथा प्रोफेशनल अपनी महती भूमिका निभाएंगे।
अदम्य चेतना फाउंडेशन से हुआ है करार
जीरो वेस्ट कैंपस के वर्तमान मॉडल को बैंगलोर स्थित एनजीओ, अदम्य चेतना की देखरेख में मानकीकृत किया गया है। विश्वविद्यालय ने इस परियोजना को लागू करने के लिए एनजीओ के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं, जैसा कि बैंगलोर, चंडीगढ़ और इंदौर में किया जा रहा है।
विश्विद्यालय ने डॉ नरेश त्रिखा को इस प्रोग्राम के लिए एक कंसलटेंट के रूप में रखा है। डॉ त्रिखा आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए है तथा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से जुड़े रहे हैं। कुलपति ने कहा कि जीरो वेस्ट केंपस इंनिशिएटिव के अंतर्गत परिसर का कचरा मशीन द्वारा ऑर्गेनिक खाद में बदला जाएगा।
गोरखपुर विश्वविद्यालय ऐसा पहला विश्वविद्यालय है जिसमें ये पहला प्रयोग किया जा रहा है। अगले चरण में इसे शिक्षक और कर्मचारी आवासों के साथ साथ एडी बिल्डिंग को जोड़ा जाएगा। सभी विभागों को पीला, हरा, नीला डस्टबिन दिया जाएगा। ताकि बॉयोडिग्रेडेबल कचरे संग्रहण कर उसकी जैविक खाद तैयार की जा सके।
बताया कि पहली मशीन अक्टूबर, 2020 में कुलपति लॉज में स्थापित की गई थी। गैर-लाभकारी कंपनी बॉयोडिग्रेडबल कचरे से जैविक खाद के उत्पादन का प्रबंधन करेगी। कुलपति ने बताया कि मशीन से तैयार किया गया जैविक उर्वरक 5.78 पीएच, ईसी 0.19, कार्बनिक कार्बन 2.21 प्रतिशत, नाइट्रोजन 641.5 किग्रा/घंटा, नाइट्रोजन (%) 1.91 और कार्बोनिक पदार्थ 3.81 से भरपूर है। यह पूरा उपक्रम सलाहकार की भूमिका में शिक्षकों, अर्न-व-लर्न के तहत भाग लेने वाले छात्रों और पेशेवरों की भागीदारी के माध्यम से चलाया जाएगा।
इस अवसर पर कुलपति ने जैविक कंपोस्ट पैकेट का भी उद्घाटन किया। साथ ही साथ बॉटनी विभाग और ग्रीन कैंपस इनीशिएटिव अभियान से जुड़ी प्रो पूजा सिंह और कोआर्डिनेटर डॉ स्मृति मल्ल का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर कुलपति के साथ अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष एवं समस्त शिक्षक तथा कुलसचिव ओम प्रकाश, मीडिया एवं जनसंपर्क अधिकारी आदि उपस्थित थे।
