Thursday, February 12, 2026
Homeराष्ट्रीयगोरखपुर : राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा-योगी

गोरखपुर : राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा-योगी

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा। विकास की योजनाएं तभी सार्थक हैं, जब सभी लोग सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 24 करोड़ जनता की सुरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है लेकिन, यह सब ‘ह्यूमन इंटेलिजेंस’ के बिना करना बेहद मुश्किल है। ‘ह्यूमन इंटेलिजेंस’, यानी लोगों की सजगता, इसके चलते ही राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी दो साजिशों को बेपर्दा किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर क्लब में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम सभी को विकास के साथ ही सुरक्षा के प्रति लगातार सजग रहना होगा। सुरक्षा के प्रति थोड़ी-सी सजगता से कई लोगों का जीवन सुरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ह्यूमन इंटेलिजेंस यानी लोगों की सजगता से मिली जानकारी पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी दो साजिशों को बेपर्दा किया गया है। मूक-बधिर बच्चों के जेहादी धर्मांतरण से राष्ट्र की सुरक्षा में सेंध लगाने का षड्यंत्र किया जा रहा था। वहीं, लखनऊ में राष्ट्रीय सुरक्षा में सेंध लगाने वाले दो आतंकियों को पकड़ा गया है। पाकिस्तान परस्त आतंकियों के साथ मिलकर आजादी के जश्न में खलल डालने की साजिश रची जा रही थी। पकड़े गए इन लोगों को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों ही घटनाओं में ह्यूमन इंटेलिजेंस, यानी लोगों की सजगता काफी सहायक साबित हुई है। ह्यूमन इंटेलिजेंस से मिली जानकारी से सुरक्षा एजेंसियों ने इन्हें बेपर्दा कर दिया। इन आतंकियों के पास बारूद का जखीरा, बम और अत्याधुनिक हथियार मिले हैं। समय रहते ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है। उन्होंने कहा कि समाज में क्या हो रहा है, जनता की सजगता से इसे जाना जा सकता है। जानकारी मिलने पर समय रहते राष्ट्र विरोधी तत्वों के मंसूबों को ध्वस्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने में पार्षदों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है।

RELATED ARTICLES

Most Popular