-विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सक्रिय है पुलिस विभाग
गोरखपुर (हि.स.)। गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. बिपिन ताडा ने शुक्रवार को बताया कि विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग सक्रिय है। अब तक 588 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हुई है, जबकि 88 के ख़िलाफ़ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई हुई है। हिस्ट्रीशीटर्स की कुंडली खंगाली जा रही है। उन पर पुलिस की बराबर नजर बनी है।
डॉ. ताडा ने मीडियाकर्मियों को बताया कि जिलाधिकारी विजय किरन आनंद के निर्देश पर 50 से अधिक अपराधियों को जिला बदर किया गया है। ज़िले में 30 सितंबर 2021 से 12 जनवरी 2022 तक 10,855 लीटर अवैध शराब बरामद हुआ है। चुनाव के दौरान अवैध शराब बांटने की घटनाएं संज्ञान में आती रही हैं, जिससे शांतिभंग की आशंका की उम्मीद थी, लेकिन ऐसी कार्रवाइयां ठोस परिणाम देने वाली सिद्ध होंगी।
एसएसपी ने कहा कि जिले में 22 हजार 979 शस्त्र लाइसेंसों के सापेक्ष 12 हजार 606 शस्त्र लाइसेंस दुकानों या थानों में जमा कराए जा चुके हैं। शत प्रतिशत शस्त्र को जमा कराने की प्रक्रिया अभी जारी है। शेष 10 हजार 373 लाइसेंस को जमा करवाने की कोशिशें तेज हैं। उन्होंने अवैध हथियारों को जब्त करने की कार्रवाइयों का ब्यौरा भी दिया। उन्होंने बताया कि 54 अवैध हथियारों को जब्त करने में सफ़लता मिली है। सीआरपीसी के तहत 56 हजार 524 निरोधात्मक कार्रवाइयां भी की जा चुकी हैं। इनमें से 17 हजार 440 मामलों को निष्पादित किया गया है। 62 पेंडिंग हैं, जिन्हें शीघ्र निस्तारित कर दिया जाएगा।
एसएसपी डॉ. ताडा ने पिछले साल की कार्रवाइयों के बारे में बताया कि जनवरी 2021 से 31 दिसंबर 2021 तक शस्त्र अधिनियम में 362, जुआ के 18, एनडीपीएस से जुड़े 142, आबकारी के 1283, भ्रष्टाचार से जुड़े 07, गुंडा एक्ट के 588, गौवध के 35, गैंगेस्टर के 88, एनएसए के 08 मामलों में कार्रवाइयां हुई हैं।
आमोद
