पुलिस की पिटाई से व्यापारी की हुई थी मौत, 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग
पुलिस आयुक्त ने मुख्यमंत्री से मिलाने का परिजनों को दिया आश्वासन
कानपुर (हि.स.)। बर्रा थाना क्षेत्र के रहने वाले युवा प्रापर्टी व्यापारी की गोरखपुर में पुलिस की पिटाई से हुई हत्या पर परिजनों में जमकर नाराजगी है। बुधवार को सपा नेताओं के साथ परिजनों ने हंगामा काटा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मृतक की पत्नी ने इंसाफ मांगा है। परिजनों ने मुआवजे के रुप में 50 लाख रुपये की भी मांग की और दोषी पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई। वहीं पुलिस आयुक्त असीम अरुण भी परिजनों से वार्ता करने पहुंचे और आश्वासन दिया कि गुरुवार को कार्यक्रम खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री से भेंट कराई जाएगी।

कानपुर दक्षिण के बर्रा क्षेत्र में रहने वाले मनीष गुप्ता पेशे से प्रॉपर्टी व्यापारी थे। मनीष अपने दोस्तों हरवीर व प्रदीप के साथ गोरखपुर घूमने गए थे जहां पर वह होटल कृष्णा पैलेस में रुके थे। मनीष रात में सो रहा था तभी रात तक़रीबन 12:15 बजे पुलिस मनीष के कमरे में चेकिंग के लिये आ पहुंची। चेकिंग के दौरान मनीष के दोस्तों ने सभी को अपने एड्रेस प्रूफ दिखा दिए, लेकिन नशे में धुत पुलिस कर्मी गालियां बकने लगे तभी मनीष की नींद खुल गई और उसने पुलिस वालों से सिर्फ इतना कह दिया कि हम लोग कोई आतंकवादी नही है। इतना सुनते ही पुलिस कर्मी मनीष के ऊपर टूट पड़े और कमरे से मारते पीटते घसीटते होटल के बाहर ले आये। जिसके बाद मनीष मरणासन्न हो गया जिस पर आरोपी पुलिस वाले उसे अपनी गाड़ी में डाल कर ले गए।
मनीष की पत्नी मीनाक्षी अपने पति का पार्थिव शरीर लेकर बुधवार को अपने आवास आ चुकी है और उसने यह मांग रखी है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे मुलाकात करें। वह उन्हें मनीष के साथ की गई हैवानीयत से रूबरू कराना चाहती है। आपको बता दें कि गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी कानपुर के डीएवी ग्राउंड में जनसभा करने वाले हैं।
सपाइयों ने काटा हंगामा
मृतक व्यापारी के घर समर्थकों संग पहुंचे सपा विधायक इरफान सोलंकी ने भाजपा सरकार पर तमाम प्रकार के आरोप लगाये। इस दौरान सपा नेताओं की पुलिस से तीखी नोकझोक भी हो गई और सपा कार्यकर्ता घर के बाहर पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरु कर दिये। पुलिस सख्त होती कि इससे पहले मृतक के परिजन भी सपा नेताओं के साथ हो लिए, जिससे पुलिस को नरम रुख अख्तियार करना पड़ा।
मुख्यमंत्री से मिलाने का पुलिस आयुक्त ने दिया आश्वासन
व्यापारी की हत्या के मामले में कानपुर पुलिस कमिश्नर आसीम अरुण मृतक व्यापारी मनीष के कानपुर स्थित बर्रा आवास पहुंचे। यहां कमिश्नर की मुलाकात लगभग एक घण्टे तक चली इसके बाद स्थानीय सपा नेता विजय गुप्ता ने कमिश्नर के सामने हाथ जोड़कर रोते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई। मृतक के चाचा ईश्वर चन्द्र गुप्ता ने मनीष की पत्नी को सरकारी नौकरी और 50 लाख मुआवजे की मांग की है। पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें यहां भेजा गया है। मृतक परिजन इस घटना की पूरी जानकारी दें, घटना बेहद दुखद है और परिजनों को कल मुख्यमंत्री के आगमन के बाद उनसे मुलाकात भी कराई जाएगी। अब इस मामले में परिजन अपने रिश्तेदारों के आने के बाद अंतिम संस्कार करेंगे। इसके साथ ही जो अन्य उनकी मांगे हैं वो मेरे स्तर के ऊपर है। ऐसे में उनकी बात की सुनवाई ऊपरी स्तर से होगी। इससे पहले डीसीपी दक्षिण रवीना त्यागी पर मृतक के परिजनों से मिलने पहुंची तो सपाइयों से पुलिस से बहस हो गई।
