– गोरखपुर में ईंट भट्ठे पर डकैती-छेड़खानी का मामला
गोरखपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के गगहा ईंट भट्ठे पर डकैती व छेड़खानी के फरार एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुड़भेड़ के दौरान उसके दो साथी फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तारी के बाद इस आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किया है।
आरोपी मऊ के दक्षिण टोला निवासी छोटक बताया जा रहा है। इसे गगहा पुलिस ने एक मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। उसके दो साथी पुलिस पर फायरिंग करते हुए फरार होने में सफल हो गए। पुलिस की पूछताछ में फरार बदमाशों की पहचान बलिया के छीवी खरौनी निवासी वीरेंद्र व खड़हाताड निवासी टेंगर के रूप में हुई है। बता दें कि 10 नवम्बर 2020 की रात गगहा के सकरी गांव के ईंट भट्ठे पर डकैती व छेड़खानी की घटना हुई थी। घटना के बाद बलिया, गोरखपुर व देवरिया पुलिस ने बलिया के विशुनदेव सहित छह आरोपितों की गिरफ्तार किया था। विशुनदेव अभी बलिया जेल में बंद है। इस केस में छोटक, वीरेंद्र व टेंगर फरार थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। गगहा थानेदार राजप्रकाश सिंह अपने हमराहियों के साथ जगदीशपुर भलुआन में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्हें इन अपराधियों के बारे में मुखबिर से सूचना मिली। तीनों बदमाश बाइक से कौड़ीराम की तरफ किसी अन्य घटना को अंजाम देने के लिए आ रहे थे। फिर पुलिस ने घेराबंदी कर चवरिया बुजुर्ग गांव के पास उन्हें पकड़ने की कोशिश की।
रुकने का इशारा करने पर पुलिस पर फायरिंग
एसपी साउथ ने बताया कि एक बाइक से आ रहे तीन बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया। बदमाश गाड़ी लेकर भागने लगे, लेकिन बाइक लड़खड़ा गई और पीछे बैठा बदमाश नीचे गिर गया। इस दौरान बाइक पर बैठे दो बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। नीचे गिरे बदमाश को पकड़ लिया गया। वह मूल रूप से मऊ के दक्षिण टोला निवासी छोटक है।
ईंट-भट्ठा रेकी में शामिल था छोटक : एसपी साउथ
एसपी साउथ ने बताया कि छोटक ने ही गैंग सरगना विशुनदेव के साथ ईंट भट्ठे की रेकी की थी। वह बलिया के केसरुआ गांव में वर्तमान समय मे रहता है। पकड़े गए छोटक व फरार हुए वीरेंद्र तथा टेंगर के खिलाफ गगहा थाने में ईंट भट्ठे पर डकैती डालने, छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज है। पुलिस ने गिरफ्तार छोटक व फरार दोनों आरोपितों के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग करने व आर्म्स एक्ट की धारा में भी केस दर्ज किया है। छोटक को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया गया है।
गोरखपुर : मुठभेड़ के बाद एक गिरफ्तार, दो फरार
RELATED ARTICLES
