– चौरीचौरा थाना क्षेत्र के जोधपुर बजहा गांव की घटना
गोरखपुर (हि.स.)। जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के जोधपुर बजहा निवासी 25 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई है। वह रविवार को फरेन नाले में नहाने गया था।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक चौरीचौरा थाना क्षेत्र के जोधपुर बजहा गांव का निवासी युवक वीरेंद्र पुत्र जीउत फरेन नाले में नहाने गया था। वह अपनी पट्टीदारी के किसी व्यक्ति के श्राद्ध कर्म में शामिल होने गया था। रविवार को दशगात्र में बाल मुड़वाने के बाद सभी लोग नहा रहे थे। इसी दौरान वह फरेन नाले की तेज धारा में विलीन हो गया। सुबह तकरीबन 09 बजे हुई इस घटना से सभी सन्न रह गए। वहां नहाने गए लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उसका शव मिला। गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
