गोरखपुर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखनाथ मंदिर पहुंच गए हैं। शारदीय नवरात्र के पहले दिन मुख्यमंत्री द्वारा मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में कलश स्थापना की जाएगी। फिर शक्ति मंदिर में मां भगवती के नौ रूपों की उपासना शुरू हो जाएगी।
शनिवार को गोरखनाथ मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मुख्य मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह अपने गुरु ब्रह्मलीन गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ की समाधि गए। वहां दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री मंदिर के आवासीय परिसर में चले गए। आज शाम प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ की अगुवाई में मंदिर में परम्परागत कलश यात्रा निकाली जाएगी। मंदिर के सभी पुजारी, योगी, वेद पाठी बालक, पुरोहित और श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होंगे।
कलश यात्रा के दौरान मुख्य पुजारी योगी कमलनाथ शिव, शक्ति और बाबा गोरखनाथ के अस्त्र त्रिशूल लेकर चलेंगे। परंपरा के अनुसार त्रिशूल लेकर चलने वाले को नौ दिन मंदिर में ही रहना होता है। उसके बाद मठ के प्रथम तल पर कलश की स्थापना कर मुख्यमंत्री योगी मां भगवती की उपासना करेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री 23 अक्टूबर को फिर गोरखपुर आएंगे। उस दिन अष्टमी है। उस दिन वह बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर महानिशा पूजन करेंगे।
गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री, करेंगे कलश स्थापना
RELATED ARTICLES
