– गोरखपुर पुलिस ने शुरू किया ‘गुड मॉर्निंग गोरखपुर’ अभियान
– मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों की सुरक्षा का जिम्मा पुलिस ने उठाया
– एसपी सिटी ने मॉर्निंग वॉक पर निकलने लोगों को गुलाब का फूल दे अभियान की शुरुआत की
गोरखपुर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक नगर सोनम कुमार ने गुरुवार को ‘गुड मॉर्निंग गोरखपुर’ की शुरुआत की। लोगों को गुलाब का फूल देकर उन्हें उनकी सुरक्षा का एहसास कराया। मिलने वालों से कहा, ‘आप सुबह निश्चिंत भाव से टहलिए, पुलिस आपकी सुरक्षा में लगी है’।
पुलिस अधीक्षक नगर सोनम कुमार सर्किट हाउस रोड तारामंडल पर गुरुवार की सुबह पहुंचे। यहां टहलने वाले लोगों को गुलाब का फूल देकर सम्मान देने लगे। इस दौरान उन्होंने इस अभियान के बारे में बताया और टहलते वक्त किसी अनहोनी या घटना को रोकने वाला कदम बताते हुए उनकी मंशा भी जानी। तकरीबन सभी लोगों ने पुलिस की इस पहल को सराहा। एसपी सिटी ने इस दौरान लोगों से कहा कि ‘आप निश्चिंत भाव से सुबह टहलिए, पुलिस आपकी सुरक्षा में लगी है। यह प्रयास रहेगा कि आपकी सुरक्षा 24 घंटे हो। छिनैती और लूट जैसी घटनाओं पर पूर्णतः अंकुश लगे।
सादी वर्दी में घूमते रही पुलिस
मॉर्निंग वॉक के समय शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों व पार्क में सादी वर्दी में पुलिस भी टहल रही थी। इन पार्कों व स्थलों को पुलिस ने शायद पहले ही चिह्नित कर लिया था। इस जिम्मेदारी का निर्वाह पुलिस अधीक्षक नगर सोनम कुमार कर रहे हैं।
बोले नगर अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक नगर सोनम कुमार ने बताया कि इस बावत बुधवार को ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा ने निर्देश दे दिए थे। इसका खाका तैयार कर गुरुवार की सुबह से पुलिस ने अपना काम शुरू कर दिया। मॉर्निंग वॉक के दौरान वृद्ध, महिलाओं और बच्चों से बात की गई। लोगों को फूल देकर गुड मॉर्निंग गोरखपुर कहा गया। सादे कपड़ों में सभी प्रमुख पार्को व स्थानों पर पुलिस सुरक्षा के लिए मुस्तैद रही।
सुबह टहलने निकलने के दौरान छिनैती और लूट आदि की कई घटनाओं ने पुलिस ने सांसत ने डाल दिया था। ऐसे अपराधियों से मौके पर निपटने और घटना को अंकुश में करने की गरज से पुलिस ने एक ऐसा अभियान चलाने का मन बनाया, जिससे घटना होने की गुंजाइश ही न रहे। इसके बाद ‘गुड मॉर्निंग गोरखपुर’ नाम से यह अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
