गोरखपुर (हि.स.)। जगदीशपुर भलुवान में 20 अगस्त को पिता को मारते देख बेटी द्वारा वीडियो बनाए जाने पर अभियुक्तों ने उसे गोली मार दी थी। इलाज के दौरान पीजीआई में इस वीर बेटी की मृत घोषित कर दिया गया था। इसके बाद दर्ज हुए मुकदमे के आरोपी फरार हैं।
मामले की व्यक्तिगत जांच करने बुधवार को जगदीशपुर भलुवान पहुंचे एडीजी अखिल कुमार ने ग्रामीणों से बातचीत कर मामले की सच्चाई जानने की कोशिश की और फरार अभियुक्तों पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया।
गगहा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर भलुवान में 20 अगस्त को एक बालिका अपने पिता को पीट रहे लोगों का वीडियो बना रही थी। उससे नाराज एक आरोपित ने बच्ची को गोली मार दी और फरार हो गया था। इसके बाद गगहा थाना में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की खोजबीन शुरू हुई, लेकिन अब भी वे पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
