गोरखपुर, (हि.स.)। खजनी थाना क्षेत्र के महुआ डाबर चौकी क्षेत्र में भीटी खोरिया गांव के युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। इसकी पहचान 30 वर्षीय उमेश पांडेय पुत्र विजय नाथ पांडेय के रूप में हुई है। पुलिस ने इसे हत्या और अत्यधिक शराब पीने के एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी. ने खजनी थाने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि घटना का जल्द से जल्द पर्दाफाश किया जाएगा। यह भी पता लगाने की कोशिश होगी कि घटना के पीछे कौन से कारण हैं। यह जांच का विषय है कि युवक का शव गेहूं के खेत में कैसे पहुंचा अथवा उसकी हत्या यहां क्यों की गई?
होली के दिन गायब हुआ था युवक
बताया जा रहा है कि युवक उमेश होली के दिन सुबह 09 बजे अपने घर से निकला था। रात तक उमेश घर पर नहीं। फिर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन पता नहीं चला। सोमवार को कुछ लोगों ने उसकी लाश गेहूं के खेत में देखा। फिर पुलिस को सूचना दी गयी। घटना स्थल पर शराब की बोतलें व दो गिलास मिला है।
बोले पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि लाश मिलने वाले स्थान पर शराब की बोतलें और दो गिलास मिले हैं। प्रथम दृष्टया होली के दिन शराब पीने को लेकर आपसी विवाद घटना का कारण हो सकता है। दो प्लास्टिक के गिलास यह दर्शाता है कि उमेश के साथ कोई और भी था। आखिर वह व्यक्ति कौन था? पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के बारे में कुछ भी स्पष्ट रूप से कहा जा सकता है। फिलहाल, इसे हत्या और शराब पीने की वजह को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल की जा रही है। शराब पीने के विवाद में सहयोगी द्वारा उमेश की हत्या कर लाश को छोड़कर भागने के एंगल से भी जांच बढ़ाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/आमोदSubmitted By: Amod Kant Mishra Edited By: Rajesh Kumar Tiwari Published By: Rajesh Kumar Tiwari at Mar 30 2021 8:31PM
