लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन हावड़ा-बर्द्धवान मेन लाइन पर तीसरी लाइन बिछाने के लिए नॉन-इंटरलाॅकिंग का कार्य करने जा रहा है। इसके चलते गोरखपुर से 26 मई (गुरुवार) को चलने वाली 15052 गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई है। इसके साथ ही लखनऊ होकर 26 से 28 मई तक चलने वाली 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस को बदले मार्ग से चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को दिक्कतें हो सकती हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार ने बुधवार को बताया कि हावड़ा-बर्द्धवान मेन लाइन पर तीसरी लाइन बिछाने के लिए नॉन-इंटरलाॅकिंग का कार्य किया जाएगा। इसके चलते गोरखपुर से 26 मई को चलने वाली 15052 गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस और कोलकाता से 27 मई को चलने वाली 15051 कोलकाता-गोरखपुर एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। गोरखपुर से 27 व 29 मई को चलने वाली 15048 गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस और कोलकाता से 28 व 30 मई को चलने वाली 15047 कोलकाता-गोरखपुर एक्सप्रेस भी निरस्त रहेगी।
उन्होंने बताया कि गोरखपुर से 28 मई को चलने वाली 15050 गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस और कोलकाता से 29 मई को चलने वाली 15049 कोलकाता-गोरखपुर एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। इसके अलावा काठगोदाम से 26 से 28 मई तक लखनऊ होकर चलने वाली 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस को कामारकुण्डू एवं बाली स्टेशनों पर ठहराव देते हुए बदले मार्ग बर्द्धवान-दानकुनी से होकर चलाया जाएगा। हावड़ा से 27 से 29 मई तक चलने वाली 13019 हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस को हावड़ा से रात 21:45 बजे के स्थान पर पुनर्निधारित कर रात 12:20 बजे चलाया जाएगा। ट्रेन को रास्ते में पड़ने वाले बाली एवं कामारकुण्डू स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा। जिन यात्रियों ने इन ट्रेनों में पहले से आरक्षण करा रखा है उनका पूरा किराया वापस किया जाएगा।
दीपक
