लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने 15069 गोरखपुर-ऐशबाग इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन बहाल कर दिया है। यह ट्रेन गुरुवार सुबह 03:45 बजे रवाना होने के बजाय 02 घंटे 15 मिनट की देरी से 06 बजे लखनऊ के ऐशबाग के लिए चलाई गई है। इस ट्रेन के चलने से यात्रियों को अब बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यात्रियों की मांग पर 15069 गोरखपुर-ऐशबाग इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन बहाल कर दिया गया है। यह ट्रेन गुरुवार सुबह गोरखपुर से 03:45 बजे रवाना होने के बजाय 02 घंटे 15 मिनट की देरी से 06 बजे लखनऊ के ऐशबाग के लिए चलाई गई है।
इसी तरह से 15070 ऐशबाग-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन से अपराह्न 04:30 बजे किया जाएगा। यह ट्रेन बादशाह नगर, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, तुलसीपुर, सिद्धार्थ नगर और आनंद नगर आदि स्टेशनों से होते हुए गोरखपुर रात 11:45 बजे पहुंचेगी। इसके पहले अप-डाउन में चलने वाली इन दोनों ट्रेनों का संचालन संभावित कोहरे को देखते हुए 01 दिसम्बर से निरस्त कर दिया गया था।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार का कहना है कि गोरखपुर-ऐशबाग-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन बहाल कर दिया गया है। यह ट्रेन अप-डाउन दोनों तरफ अपने पूर्व निर्धारित समय पर ही चलाई जाएगी। इससे गोरखपुर से लखनऊ के बीच आवागमन करने वाले वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
