लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार से अनारक्षित टिकट (जनरल टिकट) मिलना शुरू हो गया है। चारबाग से नई दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस से यात्रियों ने अनारक्षित टिकट लेकर सफर किया। करीब 21 महीने के बाद आज फिर से अनारक्षित टिकट के लिए यात्रियों की लाइन लगी।
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर गोमती एक्सप्रेस (12419) का अनारक्षित टिकट लेने के लिए शुक्रवार सुबह पांच बजे से ही यात्री पहुंच गए थे। यहां के अनारक्षित टिकट काउंटर पर नई दिल्ली, कानपुर, इटावा, फिरोजाबाद, टूंडला के सफर के लिए यात्रियों ने जनरल टिकट खरीदा। सबसे अधिक टिकट नई दिल्ली जाने वाले यात्रियों ने खरीदा।
चारबाग रेलवे स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटर पर करीब 21 महीने के बाद फिर से चहल कदमी दिखायी दी। यहां जनरल टिकटों के लिए लंबी लाइन लगी। सुबह नई दिल्ली रवाना होने वाली गोमती एक्सप्रेस में कोरोना के बाद पहली बार जनरल क्लास के टिकट जारी हुए हैं। रेलवे ने कोरोना के कारण जनरल क्लास की जगह सेकेंड सीटिंग क्लास का रिजर्वेशन शुरू किया था।
रेलवे प्रशासन ने गोमती एक्सप्रेस के अलावा प्रतापगढ़-दिल्ली एक्सप्रेस, पदमावत एक्सप्रेस, बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस, बरेली-प्रयागराज संगम, ऊंचाहार एक्सप्रेस, अयोध्या-दिल्ली एक्सप्रेस, चंडीगढ़ एक्सप्रेस, वाराणसी शटल सेवा और नौचंदी एक्सप्रेस में जनरल क्लास के टिकट की व्यवस्था शुक्रवार से लागू कर दी है। इन ट्रेनों में यात्री जनरल टिकट लेकर बिना आरक्षण कराए सफर कर सकते हैं। रेलवे ने यात्रियों को भीड़ की असुविधा से बचाने के लिए चारबाग रेलवे स्टेशन पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें लगा रखी हैं।
उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जगतोष शुक्ला का कहना है कि कोविड गाइड लाइन के तहत ही यात्रियों को अनारक्षित टिकट देने की व्यवस्था की गई है। एक तय सीमा से अधिक अनारक्षित टिकट नहीं बेचे जाएंगे।
दीपक
