गोण्डा (हि.स.)। समाजवादी पार्टी ने हमेशा तिजोरी भरने के साथ-साथ अपने परिवार को बढ़ाने का काम किया। जब परिवार से उबरे तो बिरादरी तक पहुंचे। उसमें भी यदि पुलिस की भर्ती होती थी, तो कहते थे कि तुम बिरादरी के हो। तुम्हें सिर्फ पांच लाख देने पड़ेंगे। गैर बिरादरी से 10 लाख लिया जा रहा है। ये बातें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने मंगलवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से कही।
कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल नंदी ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी को पूरी तरह से समाप्त करने में सतीश चंद्र मिश्र का बहुत बड़ा योगदान रहा। जब चुनाव आता है तब सतीश चंद्र मिश्र नाटक करने के लिए जनता के बीच में निकल पड़ते हैं। उन्होंने कभी भी समाज के लिए कुछ नहीं किया। बसपा सरकार में पांच लाख की सड़क का किस तरह से 10 लाख भुगतान हो जाता था। बहनजी का पैसे का प्रेम जगजाहिर है। वह जब छोटे चुनाव में भी पार्टी का सिंबल देने के लिए 50 हजार तक ले लेती हैं। इन लोगों ने कभी यह नहीं सोचा कि प्रदेश का इन्फ्रास्ट्रक्चर कैसे बढ़े। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं कैसे मिले। इनकी सोच तो हमेशा पैसे की रही है कि टिकट बेच कर 500 करोड़ की सड़क को किसी को दे कर उससे अपनी तिजोरी भर ले।
कहा कि इनके शासनकाल में जब सरकारी नौकरियों में भर्ती होती थी तो अनुसूचित जाति के लोगों का रेट पांच लाख का होता था। अन्य जातियों से उसी पद के लिए 15 से 20 लाख वसूले जाते थे। उन्होंने कहा कि चाहे सपा हो या बसपा। इन दोनों पार्टियों ने जाति, धर्म, मजहब के नाम पर प्रदेश को लूटने का काम किया है। भाजपा सबका साथ सबका विकास पर काम कर रही है। ब्राह्मण, वैश्य, पिछड़ा किसी भी समाज के लोग हो, सरकार सबको साथ लेकर चलने का काम कर रही है। देश की जनता ने वर्ष 2014 में जब से देश की बागडोर प्रधान सेवक के हाथ में दी तो 2017 तक मोदी जी ने काम किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनी। फिर एक कर्मयोगी को मुख्यमंत्री पद का दायित्व मिला। योगी ने जाति धर्म मजहब से ऊपर उठकर सभी के लिए काम किया। प्रदेश से माफिया गिरी को समाप्त किया। आज माफिया या तो जेल में हैं या हमेशा के लिए प्रदेश छोड़कर चले गए। भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी व माफिया राज के चलते प्रदेश में मल्टीनेशनल कंपनियां निवेश करना नहीं चाहती थी। व्यापारी वर्ग के लोग अपना व्यापार करने के लिए डरते थे। उन्हें अब एक भय मुक्त माहौल मिला है।
कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने का जो लक्ष्य रखा है। भाजपा सरकार उसी पर काम कर रही है। उत्तर प्रदेश में 9 एयरपोर्ट बन रहे हैं। जिनमें 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं। यह प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इसके लिए जो भी लापरवाह अफसर जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। किसानों के लिए जितना काम भाजपा सरकार ने किया है। आजाद भारत में किसानों के लिए इतना काम किसी ने नहीं किया।
महेन्द्र
