Thursday, March 5, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडागोण्डा: प्रेमी के साथ बेटी आपत्तिजनक हालत में मिली, पिता-पुत्र ने कर...

गोण्डा: प्रेमी के साथ बेटी आपत्तिजनक हालत में मिली, पिता-पुत्र ने कर दी हत्या

गोण्डा (हि.स.)। धानेपुर थाना क्षेत्र में बेटी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखकर उसके पिता ने बेटे के साथ मिलकर दोनों की हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर युवक का शव खोज निकाला। प्रेमिका का शव लेने के लिए पुलिस की टीम अयोध्या के लिए रवाना हुई है।

पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि धानेपुर थाना गांव के ही रहने वाले परिवार ने रविवार को अपने बेटे सतीश (19) की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मेहनोन गांव में रहने वाली युवती (19) से सतीश का प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने शक के आधार पर युवती के पिता और उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

आरोपितों ने बताया कि रविवार की रात को सतीश मिलने के लिए प्रेमिका के घर आया था। उन्होंने आपत्तिजनक हालत में बेटी और उसके प्रेमी को देख लिया। दोनों ने मिलकर बेटी और उसके प्रेमी की हत्या कर दी। इसके बाद सतीश की लाश को घर से डेढ़ किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में फेंका, जबकि बेटी की लाश को अयोध्या सरयू घाट पर ले जाकर सोमवार की सुबह बालू के टीले में दबा दिया था।

पुलिस ने हत्या के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर युवक की लाश को बरामद कर लिया है। युवती की लाश की बरामदगी के लिए अयोध्या के लिए टीम रवाना हो गई है। इस घटना के बाद गांव में पुलिस बल को तैनात कर रखा है।

महेन्द्र/दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular