गोण्डा (हि.स.)। मोटर साइकिल चोरी के मामले में पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपित को पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया बीते 30 जुलाई को मोटर साइकिल चोरी का एक अभियुक्त जिसका नाम मनीष तिवारी है। पुलिस जब उसे मेडिकल के लिए ले जा रही थी तो वह चकमा देकर फरार हो गया था। लापरवाही बरतने वाले पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
इस मामले में तत्काल रिपोर्ट लिखकर उसकी गिरफ्तारी के लिए आठ टीमों को लगाया गया था। सीओ सिटी सभी टीमों का नेतृत्व कर रहे थे। सात अगस्त की दरमियानी रात पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि आरोपित सोनी गुमटी के पास कहीं जाने की फिराक में हैं।
सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने उसकी घेराबंदी की तो अपने को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। तत्काल उसे अस्पताल ले जाकर उसका इलाज कराया गया। उसके ऊपर रिपोर्ट लिख कर कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम था।
महेन्द्र/दीपक/मोहित
