जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। प्रदेश सरकार ने जिले में बनने वाले तीन ओवर ब्रिज को सोमवार को वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी। इसके अलावा रेलवे क्रॉसिंग संख्या 262 पर पहले ही स्वीकृति के साथ धनांवटन किया जा चुका है। यह जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को गोण्डा-गोरखपुर रेल प्रखंड पर सोनी गुमटी रेलवे क्रॉसिंग संख्या 257 पर भी फोरलेन ओवरब्रिज निर्माण के लिए शासन ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इतना ही नहीं गोण्डा-बाराबंकी रेल सेक्शन के रेलवे क्रॉसिंग संख्या 263 कटरा बाजार मार्ग पर भी दो लेन के ओवरब्रिज निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई है। इसी तरह बहराइच जिले में गोण्डा-बहराइच राजमार्ग पर रेलवे क्रासिंग संख्या 40 ए को भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। तीनों ओवरब्रिज 130 करोड़ 84 लाख 91 हजार रुपये से बनाए जाएंगे। इसी सप्ताह तीनों ओवरब्रिज निर्माण के लिए शासनादेश जारी कर बजट का आवंटन कर दिया जाएगा। इनके निर्माण हो जाने से लाखों लोगों का आवागमन सुलभ होगा और रेलवे क्रॉसिंग पर जाम से निजात मिलेगी। बताया जाता है कि इन रेलवे क्रॉसिंगों पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। सांसद की पैरवी के कारण सोमवार को शासन ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते निर्माण कराने के लिए हरी झंडी दी है।
गोण्डा-उतरौला मार्ग पर बनेगा चार लेन पुल
बीते कई सालों से लंबित मांग को सरकार ने सोमवार को स्वीकृति प्रदान कर दी है। गोंडा-गोरखपुर रेल प्रखंड पर बरुआचक व गोंडा रेलवे स्टेशन के मध्य रेलवे क्रासिंग संख्या 257 पर मौजूदा समय छह लाख से अधिक यातायात घनत्व है। इस ओवरब्रिज की स्वीकृति के लिए कई सालों से प्रस्ताव भेजे जाते रहे, लेकिन सोमवार को शासन की वित्तीय स्वीकृति मिली है। सचिवालय के पारिजात सभागार के कक्ष संख्या 64 में हुई लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम व नियोजन विभाग की संयुक्त बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें सोनी गुमटी पर 68 करोड़ पचास लाख 14 हजार रुपये से चार लेन का उपरिगामी सेतु का निर्माण कराया जाएगा। गोण्डा-बाराबंकी रेल प्रखंड पर कचेहरी व गोंडा स्टेशन के मध्य रेलवे क्रासिंग संख्या 263 पर भी टू लेन का ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसी बैठक में उक्त पुल निर्माण के लिए 32 करोड़ तीन लाख 74 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस रेलवे क्रासिंग पर पेट्रोलियम डिपो होने के कारण अक्सर जाम लगा रहता है।
यह भी पढ़ें : चित्रकूट बनेगा नगर निगम, 32 नई नगर पंचायतें बनाने की तैयारी
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
