गोंडा में सड़क पर उतरे एक हजार ’शक्ति सारथी’

पिंक कलर के 1000 ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

108 कन्या पूजन के साथ नव देवियों के रूप में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नौ महिलाएं सम्मानित

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। शारदीय नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी पर गोंडा जिला प्रशासन ने अनूठी पहल करते हुए महिलाओं को सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से ‘पिंक कलर’ के एक हजार ऑटो चालकों को ‘शक्ति सारथी’ के रूप में प्रशिक्षित करते हुए शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज के प्रांगण में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 108 कन्याओं का पूजन करके समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नौ महिलाओं को नव देवियों के रूप में सम्मानित किया गया। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने आज यहां बताया कि भारत में महिलाओं को देवी के रूप में पूजा जाता है। उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है। इसी क्रम में योगी सरकार के मार्गदर्शन में गोंडा जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभिनव पहल करते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कन्या पूजन करती मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन।

आटो चालकों को कराया गया दायित्व बोध

डीएम ने कहा कि शक्ति सारथी पहल समाज में एक नया संदेश प्रस्तुत करेगा। यह पहल इसलिए भी बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि 90 प्रतिशत से अधिक महिलाएं यात्रा के लिए सामान्यतया ऑटो या ई-रिक्शा का इस्तेमाल करती हैं। उन्होंने कहा कि सभी ऑटो चालकों को महिलाओं के प्रति सुरक्षा एवं सहयोग के प्रति दायित्व बोध कराते हुए प्रशिक्षित किया गया। जिलाधिकारी नेहा शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन आदि ने कन्या पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए। कार्यक्रम का आयोजन ‘जीरो वेस्ट इवेंट’ के रूप में हुआ, जिसमें कार्यक्रम स्थल पर उत्पन्न कचरे का समुचित निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया गया। इस मौके पर विभिन्न विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जिले के आधारभूत ढांचे में हुए सुधारों को प्रदर्शित किया गया। डीएम ने कहा कि कार्यक्रम की शुरुआत आकांक्षा समिति उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष डॉक्टर गरिमा सिंह ने वर्चुअल माध्यम से लखनऊ से की, जबकि गोंडा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बताते चलें के गत वर्ष जिला प्रशासन द्वारा पहली बार किए गए शक्ति वंदन कार्यक्रम में करीब 12 हजार कन्याओं का पूजन कर रिकॉर्ड स्थापित किया गया था।

कार्यक्रम में उपस्थित आमंत्रित महानुभाव व नगर की जनता।

इन महिलाओं का हुआ सम्मान

डीएम ने बताया कि इस अवसर पर जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों से आई 108 कन्याओं का पूजन किया गया और उन्हें उपहार भेंट किए गए। वहीं, नव देवी सम्मान समारोह के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को भी मेडल, प्रशस्ति पत्र और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली महिलाओं में संगीत के क्षेत्र में डाक अधीक्षक किरण सिंह, औषधि निरीक्षक रजिया बानो, प्रोफेसर रेखा शर्मा, आरक्षी रिया सिंह, कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर अनुराधा जायसवाल, ग्राम प्रधान श्रीमती रंजना सिंह, उद्यमी श्रीमती सीमा सोनी, राष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जिया सिंह, सफाई मित्र श्रीमती रमा शामिल हैं।

कार्यक्रम में मौजूद अतिथि गण।

नीशू फाउंडेशन के संयोजन में नृत्य नाटिका आयोजित

मंच पर नव अंशिका फाउंडेशन की नीशू त्यागी के संयोजन में महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका की प्रस्तुति का नृत्य निर्देशन गुरु सुरभि सिंह द्वारा रुद्राष्टकम् प्रस्तुत किया गया, जिसमें शिव जी के आठ श्लोक नमामि शमीशान निर्वाण रूपम् के ऊपर कथक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। उसके उपरांत महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका और कालरात्रि माता द्वारा चंड़-मुंड राक्षसों का संहार का विहंगम दृश्य प्रस्तुत किया गया। कलाकारों में ईशा रतन, मीशा रतन, अंशिका त्यागी, आकांक्षा पांडेय, संगीता कश्यप द्वारा मनमोहक नृत्य किया गया। कार्यक्रम के दौरान नारी ज्ञानस्थली महिला महाविद्यालय के छात्राओं द्वारा कार्यक्रम में उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम स्थल पर भोजन ग्रहण करती कन्याएं।

कार्यक्रम में ये भी हुए शामिल

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, विधायक गण बावन सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, प्रभात वर्मा, अजय सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह, सांसद प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, आयुक्त की धर्मपत्नी श्रीमती गरिमा भूषण, पुलिस अधीक्षक की धर्मपत्नी डॉ. तन्वी जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, नगर मजिस्ट्रेट विजय शर्मा, उप जिलाधिकारी गोंडा सदर अवनीश त्रिपाठी, अपर उपजिलाधिकारी विश्वामित्र व अपर उपजिलाधिकारी सुशील कुमार, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्रशेखर, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला प्रोवेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, उपनिदेशक कृषि प्रेम ठाकुर, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्र, ब्लॉक प्रमुख तरबगंज, ब्लॉक प्रमुख बेलसर, नगर पंचायत अध्यक्ष कटरा बाजार, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण पंचायती राज विभाग अभय प्रताप सिंह रमन, स्वच्छ भारत मिशन नगरी गोंडा नितेश राठौर, संदीप कुमार तिवारी सहित सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

रवाना होने से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित पिंक आटो रिक्शा।

यह भी पढें : 25 कुंतल अवैध पटाखा व बारूद बरामद

हमारी अन्य खबरों को सीधे पोर्टल पर जाकर भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

error: Content is protected !!