सनातनियों पर पहले चलती थी गोली, अब होती है पुष्पवर्षा
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भारत विश्व की पांचवीं अर्थव्यवस्था बना। प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि वह अपने तीसरे कार्यकाल में देश को विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाएंगे। इसके लिए उन्होंने विकसित भारत का संकल्प लिया है। किंतु इसे पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश और गोंडा का भी विकसित होना जरूरी है। वह गुरुवार को शहीद ए आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज के प्रांगण में 16 अरब 89 करोड़ 46 लाख रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के उपरांत एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
भारत माता, वंदे मातरम और जय श्री राम के उद्घोष के साथ शुरू किए अपने 16 मिनट के संक्षिप्त उद्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भव्य श्री राममंदिर निर्माण के साथ शुरू हुए विकास कार्यों का सर्वाधिक लाभ गोंडा जिले को मिल रहा है क्योंकि अयोध्या से सटा जिला होने के कारण वहां की अनेक परियोजनाएं गोंडा जिले में ही फलीभूत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि गोंडा में बनने वाले मेडिकल कालेज का नामकरण 1857 के स्वाधीनता संग्राम का नेतृत्व करने वाले गोंडा नरेश देवीबख्श सिंह के नाम पर किया गया है। उन्होंने ऐलान किया कि मेडिकल कालेज में राजा देवी बख्श सिंह की प्रतिमा लगेगी तथा उनका इतिहास लिखा जाएगा। भारतीय जनता पार्टी की सरकार नवनिर्मित संस्थानों का नाम अपने महापुरुषों और सेनानियों के नाम पर रखकर उनका सम्मान बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि श्रावस्ती जैसे छोटे से पिछड़े जिले में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी किंतु हमने इसे शुरू करके दिखा दिया। उन्होंने घोषणा किया कि गोंडा और देवीपाटन मंडल के विकास के लिए धन की कमी कभी आड़े नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर आठ हजार करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं, जिसका अधिकांश भाग गोंडा जिले में पड़ता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले रामभक्तों पर गोलियां चलती थीं और अब उन पर फूलों की वर्षा होती है।
इससे पूर्व 3.25 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर एलबीएस डिग्री कालेज के साइंस फैकल्टी में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। सीएम ने आज जिन 422 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, उनमें 212 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित स्वशासी राज्य चिकित्सा महा विद्यालय तथा गोंडा बहराइच राजमार्ग पर 112 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला मिश्रौलिया उपरिगामी सेतु शामिल है। गोंडा में मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन होने से लखनऊ और अन्य जगहों पर बेहतर इलाज के लिए जाने वाले मरीजों का अब गोंडा में ही इलाज हो सकेगा। साथ ही एमबीबीएस की 100 सीटों पर भी आगामी सत्र से पढ़ाई शुरू हो सकेगी। उपरगामी सेतु के उद्घाटन होने से गोंडा जनपद वासियों के साथ ही बहराइच और श्रावस्ती जिले की जनता को जाम से निजात मिलेगी। कार्यक्रम में भाजपा अवध प्रांत के अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, गोंडा से भाजपा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया, गोंडा बलरामपुर के एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, भाजपा के विधायक गण रमापति शास्त्री, बावन सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, विनय कुमार द्विवेदी, प्रभात कुमार वर्मा, प्रतीक भूषण सिंह, अजय कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, सूर्य नारायण तिवारी, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आल इंडिया रेडियो लखनऊ के कार्यक्रम निदेशक आत्म प्रकाश मिश्र और भाजपा के जिला महामंत्री आशीष त्रिपाठी ने किया।




