Monday, March 30, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडागोंडा :बृजभूषण सिंह ने स्थगित की अयोध्या की महारैली

गोंडा :बृजभूषण सिंह ने स्थगित की अयोध्या की महारैली


जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। महिला पहलवानों के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे कैसरगंज से भाजपा सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने आगामी पांच जून को अयोध्या के रामकथा पार्क में प्रस्तावित जनचेतना महारैली को स्थगित करने का ऐलान किया है। ’फेसबुक’ पर बनाए गए अपने आधिकारिक पेज पर शुक्रवार को मध्यान्ह किए गए एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी गई है। पोस्ट में कहा गया है, ‘मेरे प्रिय शुभचिंतकों! आपके समर्थन के साथ पिछले 28 वर्षों से लोकसभा के सदस्य के रूप में सेवा की है।

मैंने सत्ता और विपक्ष में रहते हुए सभी जातियों, समुदायों और धर्मों के लोगों को एकजुट करने का प्रयास किया है। इन्हीं कारणों से मेरे राजनीतिक विरोधियों और उनकी पार्टियों ने मुझ पर झूठे आरोप लगाए हैं। वर्तमान स्थिति में कुछ राजनीतिक दल विभिन्न स्थानों पर रैलियां कर प्रांतवाद, क्षेत्रवाद और जातीय संघर्ष को बढ़ावा देकर सामाजिक समरसता को भंग करने का प्रयास कर रहे हैं। उद्देश्य यह है कि पांच जून को अयोध्या में एक संत सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि पूरे समाज में फैल रही बुराई पर विचार किया जा सके, लेकिन अब जबकि पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और सुप्रीम कोर्ट के गंभीर निर्देशों का सम्मान करते हुए “जन चेतना महाराली, 5 जून, अयोध्या चलो“ कार्यक्रम कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है।

इस मुद्दे पर सभी धर्मों, जातियों और क्षेत्रों के लाखों समर्थकों और शुभचिंतकों ने विनम्र तरीके से मेरा समर्थन किया है। इसलिए मैं सबका आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाता हूं कि मैं और मेरा परिवार हमेशा आपका कर्जदार रहेगा। आपका बृजभूषण शरण सिंह, लोकसभा सदस्य।’
बता दें कि बृजभूषण शरण सिंह ने पाक्सो कानून में बदलाव को लेकर व्यापक जनसंवाद किए जाने के उद्देश्य से आगामी पांच जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्म दिवस पर अयोध्या के राम कथा पार्क में एक विशाल जन जागरूकता महारैली करने का ऐलान किया था, जिसमें उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों के कम से कम 11 लाख लोगों के अलावा देश भर के संत महंत, कानूनविद और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों के शामिल होने का दावा किया गया था। उन्होंने कहा था, “पांच जून को अयोध्या के राम कथा पार्क में पूरे देश के संत एकत्रित होंगे। हम सब लोगों ने मिलकर तय किया है कि पूज्य संतों के आह्वान पर कम से कम 11 लाख लोगों को एकत्रित किया जाएगा। उस दिन संत बोलेंगे, पूरा देश सुनेगा। संत जो भी बोलेंगे, आपके लिए, आपके कल्याण के लिए और आपके भविष्य के लिये ही बोलेंगे।“ सांसद ने कहा था, “मैंने संतों से निवेदन किया है कि अयोध्या में मेरे विषय में कुछ मत बोलना। आप अपनी बात रखना।

हमारी आवाज को कोई नकार सकता है। लेकिन देश के संतों की आवाज कोई न तो दबा सकता है और ही नकार सकता है।“ किन्तु आज इस महारैली को स्थगित करने का ऐलान कर दिया गया। इस बीच सूत्र बताते हैं कि बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में सरयू तट पर बने राम कथा पार्क में आयोजित जनचेतना महारैली के कार्यक्रम को करने की अनुमति अयोध्या जिला प्रशासन द्वारा नहीं दिए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है। अयोध्या के एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के अनुसार, बृजभूषण शरण सिंह को राम कथा पार्क में कार्यक्रम करने की अनुमति उन्हें नहीं दी गई है, क्योंकि उस दिन विश्व पर्यावरण दिवस पर वहां पर सरकारी आयोजन होना है। उन्हें इसकी जानकारी दे दी गई है।

अधिकारी के अनुसार, किसी अन्य स्थान पर कार्यक्रम करने के लिए उन्होंने अभी कोई आवेदन नहीं किया है। यदि आवेदन किया जाएगा, जो जांच कर उस पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद जिला प्रशासन अंतिम निर्णय लेगा। अधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण जनपद में धारा 144 लगी हुई है और इस प्रकार के व्यक्तिगत आयोजनों पर पाबंदी लगी है। ऐसे में इस प्रकार के आयोजन की अनुमति नहीं दी जा सकती। हालांकि उनके करीबी कुछ लोगों का यह भी कहना है कि पिछले करीब एक पखवारे से निरंतर जनसम्पर्क के बावजूद उन्हें दावे के अनुरूप अपेक्षित जन समर्थन नहीं मिला। परिणाम स्वरूप उन्होंने इस कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular