गोंडा (हि.स.) । स्कूल ले जाते समय बच्चों से भरी बस को ट्रक ने पीछे से ठोकर मार दी। जिस समय यह घटना हुई, उस समय बस में 70 बच्चे सवार थे। यह हादसा उस वक्त हुआ। जब चालक सड़क के किनारे बस खड़ी कर बच्चों को गाड़ी में बैठा रहा था। इस घटना में 7 बच्चों को चोटे आई हैं, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक में ले जाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दो बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की बस सुबह बच्चों को लेने आई थी। गोकरन शिवाला के पास बस को सड़क के किनारे खड़ी कर चालक बच्चों को गाड़ी में बैठा रहा था। इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बस में ठोकर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद ट्रक चालक ट्रक को खड़ी कर भाग गया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद, जिला अस्पताल भेजे गए बच्चे
दुर्घटना में घायल हुए बच्चों को सीएचसी इटियाथोक ले जाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद 7 बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें 2 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी बच्चों को जिला अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। घटना के वक्त बस में करीब 70 बच्चे सवार थे।
थानाध्यक्ष बोले, ट्रक कब्जे में चालक की हो रही तलाश
थानाध्यक्ष खरगूपुर ने बताया कि सुबह बस में ट्रक ने पीछे से ठोकर मारी थी। जिसमें कुछ बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इटियाथोक सीएचसी पर ले जाया गया। जहां से कुछ बच्चों के जिला अस्पताल रेफर किए जाने की सूचना मिली है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। दुर्घटना के बाद चालक मौका पाकर फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
महेन्द्र
