Saturday, March 28, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडा गोंडा :फिर सुर्खियों में महिला अस्पताल, प्रसूता की मौत

 गोंडा :फिर सुर्खियों में महिला अस्पताल, प्रसूता की मौत

-परिजनों ने लगाया बड़ा आरोप, काटा हंगामा

गोंडा (हि.स.) जिला महिला अस्पताल में ऑपरेशन के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि जब मरीज की तबीयत बिगड़ने लगी तो डॉक्टर को बुलाने गए। डॉक्टर काफी समय तक टालती रही। उसके बाद दूसरे डॉक्टर के पास भेज दिया गया। वहां जब हम गए तो वह टालमटोल करने के बाद आई और फिर वह ऑफिस में जाकर रेफर बनाने लगी, तब तक महिला की मौत हो गई।

गोंडा जिले की देहात कोतवाली के गांव केशवपुर पहाड़वा निवासी राहुल गिरी ने प्रसव पीड़ा होने पर अपनी पत्नी नंदनी 32 वर्ष को जिला महिला अस्पताल में मंगलवार को भर्ती कराया। आरोप है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने के लिए 5 हजार रुपए लिए और ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन करने के बाद महिला को वार्ड में भेज दिया गया। बुधवार को दोपहर बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। तेज बुखार के साथ वह कांप रही थी। परिजन दौड़कर डॉक्टर के पास गए। पूरी बात बताई। घटना के प्रत्यक्षदर्शी रहे मृतका के पति के साथी योगेंद्र सिंह ने बताया कि जब हम जिला अस्पताल पहुंचे, तब मेरे साथी के पत्नी की हार्ट बीट बहुत बढ़ी हुई थी। जब हम लोग डॉक्टर को बुलाने गए। तो वह लोग तत्काल उपचार करने के बजाएरेफर करने के चक्कर में कागज बनाने लगे।

जब डॉक्टर से कहा गया कि यदि कोई व्यवस्था हो तो पहले इसका हार्ट बीट कंट्रोल किया जाए। डॉक्टरों ने स्पष्ट जवाब दे दिया। यहां कोई व्यवस्था नहीं है। मृतका के जेठ ने बताया कि यहां कोई डॉक्टर द्विवेदी है। जिन्होंने मंगलवार को ऑपरेशन किया था। आज बहुत तेज बुखार आया। हम लोग डॉक्टर को बुलाने गए। वहां डॉक्टर संगीता बैठी थी। तीन बार बुलाने के बाद चौथी बार वह आई, और कहा कि ठंडे पानी से इसका सर धो दीजिए। अभी कुछ देर में ठीक हो जाएगा। जब कोई आराम नहीं हुआ तो हम लोग फिर उनके पास गए। उन्होंने कहा कि जाकर डॉक्टर को बुला कर लाइए। डॉक्टर रेशमा आई और देख कर चली गई। अंदर बैठकर रेफर बनाने लगी। एक कोई और डॉक्टर आए। आरोप है कि सीएमएस भी आईं। हम लोगों ने कहा कि कोई दिक्कत हो तो रेफर कर दीजिए। उस समय कहा गया कि अभी ठीक हो जाएंगी। उसके बाद कुछ ही क्षणों में मौत हो गई। परिजनों ने कहा कि इसमें सबसे बड़ी लापरवाही डॉक्टर संगीता और रेशमा की है।

2 दिन के बेटे के सर से उठा मां का साया

इलाज के दौरान प्रसूता की मौत हो गई है। उसका 2 दिन का बेटा अस्पताल की चकाचौंध के साथ खेल रहा है। शायद उसे नहीं पता है कि उसकी मां हमेशा के लिए उसका साथ छोड़ कर चली गई। परिजनों के सामने बेटे के पालन- पोषण को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने काटा हंगामा

प्रसूता की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। परिजन डॉक्टर की लापरवाही से प्रसूता के मौत का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना था कि मेरे मरीज को समय से यदि रेफर ही कर दिया जाता। तो शायद उसकी जान बच जाती।

प्रभारी सीएमएस बोले- प्रयास किया गया लेकिन नहीं सफल हुए

महिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ अमित त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को बहुत सारे ऑपरेशन हुए थे। उसी क्रम में इस महिला का भी ऑपरेशन हुआ था। आज उसकी अचानक हालत बिगड़ी, डॉक्टरों ने बहुत प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। शायद ईश्वर को यही मंजूर था। हमने परिजनों को सलाह दी कि इसका का पोस्टमार्टम करा दें, ताकि मौत के कारणों का पता चल सके। जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके। रिपोर्ट में यदि किसी चिकित्सक की लापरवाही पाई जाती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

महेन्द्र/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular