-1132 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास
-कहा- मेडिकल कॉलेज की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा किया
-अब देवी बख्श सिंह के नाम से बनेगा मेडिकल कॉलेज
-15 महीने गरीबों को फ्री में राशन देने का काम सरकार ने किया
गोंडा (हि.स.) देश में आतंकवाद कांग्रेस सरकार के तुष्टीकरण नीति का परिणाम है। केंद्र सरकार द्वारा धारा 370 हटाए जाने के बाद वहां पर अब शांति है। सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि साढे़ 4 साल पहले योजनाओं का क्या हाल था, यह किसी से छुपा नहीं है। सरकार ने अफसरों व जनप्रतिनिधियों के माध्यम से इस पर लगाम लगाने का काम किया है।यह बात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज के प्रांगण में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पूरे देवीपाटन मंडल में तीन मेडिकल में कॉलेज सहित यहां पर राजकीय महाविद्यालय,कृषि महाविद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय,पशु चिकित्सालय सहित विधि विज्ञान प्रयोगशाला देने का काम किया है। यहां पर पुलिसकर्मियों के बैरक की बहुत बड़ी समस्या थी। इन लोगों को मजबूरन टपकते छत के नीचे रहने के लिए विवश होना पड़ता था। सरकार ने पुलिस कर्मियों के लिए दो सौ बैरक बनाने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीपाटन पहुंचने में यहां से तीन से चार घंटे का समय लग जाता था। सड़कें बेहतर होने के कारण अब महज 1 घंटे में देवीपाटन पहुंचा जा सकता है। इसके अतिरिक्त तीन करोड़ से अधिक कामगारों को बीमा योजना का लाभ दिया गया। हजारों वन टांगिया परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
जिले की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनपदवासी काफी लंबे समय से मेडिकल कॉलेज की मांग कर रहे थे। आज उनकी मांग को पूरा कर दिया गया है। यहां पर मेडिकल कॉलेज राजा देवी बक्श सिंह के नाम से बनेगा, जिससे मेडिकल छात्रों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी। बहराइच में राजा सुहेलदेव तथा बलरामपुर में अटल बिहारी बाजपेई के नाम से मेडिकल कॉलेज होगा। उन्होने कहा कि डेडीकेटेड कोरोना अस्पताल के उद्घाटन के दौरान हमने जनपद में मेडिकल कॉलेज बनवाने का वादा किया था।
अयोध्या में हो रहा भव्य राम मंदिर का निर्माण
भाजपा के लोग कहते थे। राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे, अयोध्या में आज भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से पूछा कि क्या बसपा, सपा, कांग्रेस यह काम कर पाती।
गन्ना किसानों को मिल चलने से पहले होगा बकाया भुगतान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चीनी मिलों को नया सीजन प्रारंभ होने से पहले किसानों के गन्ना बकाया भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। समय से भुगतान न करने वाले चीनी मिलों पर सरकार कार्यवाही करेगी।
छात्रों को लैपटॉप व स्मार्टफोन मिलेगा
प्रदेश को बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप मे स्थापित करने का काम चल रहा है। इसके लिए सभी के साथ की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छात्रों को लैपटॉप व स्मार्टफोन देने की योजना पर काम चल रहा है। जल्द ही छात्रों के हाथ में लैपटॉप व स्मार्टफोन होगा।
