Friday, April 10, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडागोंडा जंक्शन का नान इंटरलाकिंग पूर्ण, अब सरपट दौडेंगी ट्रेनें

गोंडा जंक्शन का नान इंटरलाकिंग पूर्ण, अब सरपट दौडेंगी ट्रेनें

डीआरएम के निरीक्षण के उपरान्त सवा सात बजे स्टेशन पर पहुंची दो रेलगाडियां

जंक्शन पर बढ़ीं यात्री सुविधाएं, अब आउटर सिंगनल पर नहीं रुका करेंगी ट्रेनें

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल की प्रबन्धक डा. मोनिका अग्निहोत्री ने बुधवार को अपर मण्डल रेल प्रबन्धक (परिचालन), निर्माण संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं मण्डल के शाखाधिकारियों की उपस्थिति में गोंडा यार्ड की रिमाडलिंग कार्य के अंतर्गत हुए नॉन इंटरलॉकिंग कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यार्ड रिमाडलिंग कार्य के संरक्षापूर्ण तरीके से सफलतापूर्वक, निर्धारित समय अवधि के अंदर कार्य सम्पादन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्माण संगठन की इंजीनियरिंग, सिग्नल व टेलीकॉम तथा विदूयत कर्षण इकाई के समस्त कर्मचारियों एवं अधिकारियों तथा मण्डल की टीम के आपसी समन्वय तथा उनके निष्ठा पूर्ण योगदान के लिए प्रशंसा की। डीआरएम ने बताया कि गोंडा जंक्शन यार्ड, पूर्वोत्तर रेलवे का वृहत्तम यार्ड है। यह 04 किमी लम्बाई में फैला है। वर्तमान व भविष्य के बढ़ते यातायात की दृष्टि से गोंडा में यार्ड रिमाडलिंग की आवश्यकता के अन्तर्गत नॉन इंटर लाकिंग का कार्य बीते 17 मई से प्रारम्भ किया गया था, जो आज पूर्ण हो गया। अब यहां के लोगों को विभिन्न प्रकार की परिचालनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। गोंडा स्टेशन पर वर्तमान में 10 रनिंग लाइन (स्टेशन पर छह तथा गुड्स यार्ड में 04 लाइन) से बढ़कर 18 रनिंग लाइन (स्टेशन यार्ड में नौ तथा गुड्स यार्ड में 09 लाइन) प्राप्त होगी, जिससे मालगाडियों के तीव्र गति से संचलन एवं मालगाड़ियों के अनुरक्षण क्षमता में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि गोंडा जंक्शन पर प्लेटफार्मों की संख्या 03 से बढ़कर 05 हो गई है, जिसके फलस्वरूप लखनऊ, सीतापुर, मनकापुर, बलरामपुर एवं बहराइच छोर की गाड़ियों का एक साथ अलग-अलग प्लेटफार्मों पर आगमन एवं प्रस्थान की सुविधा प्राप्त होगी तथा ट्रेनों के होम सिगनल एवं निकटवर्ती स्टेशनों पर विलम्बन कम होगा। यार्ड रिमाडलिंग के अंतर्गत उन्नत सिगनलिंग व्यवस्था ‘रूट रिले इंटरलाकिंग’ का प्रावधान किया गया है, जिसमें सिगनल एवं प्वाइंट की विफलताएं कम होंगी तथा गाड़ियों के होम सिगनल के अन्दर प्रवेश करते ही दूसरी गाड़ी के लिए लाइन क्लियर दिया जा सकेगा, जिससे ट्रेन संचलन में तेजी आएगी। इसी क्रम में बहराईच की ओर से आने वाली ट्रेनों को गोंडा होते हुये मनकापुर-गोरखपुर, मनकापुर-अयोध्या, बलरामपुर-बढ़नी, गोंडा-लखनऊ एवं बुढ़वल-सीतापुर रेल मार्ग पर सीधे संचालित किया जा सकेगा, जिससे बहराइच एवं श्रावस्ती जिले के यात्रियों को भविष्य में सीधी ट्रेनों की सुविधा एवं क्षेत्र के व्यापारियों को अपना पार्सल तथा माल को सीधे एवं त्वरित गति से भेजने की सुविधा प्राप्त हो जायेगी। गोंडा यार्ड रिमाडलिंग कार्य के दौरान अत्याधुनिक सिगनलिंग, इंटर लॉकिंग, क्रासओवर, रेल ज्वाइंट (ग्लूड) एवं उपकरणों का प्रयोग किया गया है, जिससे गाड़ियो के संचालन में सुविधा के साथ संरक्षित संचालन हो सकेगा। गोंडा जंक्शन पर नान इंटरलाकिंग कार्य आज शाम 18.40 बजे पूरा हो गया। पहली मालगाड़ी देवरिया सदर डाउन कचहरी रेलवे स्टेशन से 18.55 बजे चलकर गोंडा जंक्शन पर 19.12 बजे पहुंची, जबकि पहली बीसीएन वैगन बरुआचक से 18.50 बजे चलकर गोंडा जंक्शन पर 19.13 बजे पहुंचा। इस अवसर पर वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/तृतीय, वरिष्ठ मण्डल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर परिचालन, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर टीआरडी, वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी, एरिया मैनेजर गोंडा, सहायक सुरक्षा आयुक्त तथा अन्य अधिकारीगण व कर्मचारी उपस्थित थे।

यह भी पढें : SP ने सर्किल मनकापुर के विवेचकों का किया अर्दली रूम

महत्वपूर्ण सूचना

गोंडा जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।

https://www.facebook.com/YOGA-DAY-GONDA-104340082292555

RELATED ARTICLES

Most Popular