सीमांकन आदेश होने के बावजूद पिछले एक साल से हल्का लेखपाल द्वारा पीड़ित व्यक्ति को लगातार दौड़ाने के बावजूद अब तक कार्य न किए जाने पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने का निर्देश एसडीएम सदर को दिया है। वह शनिवार को सदर तहसील में देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र और सदर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह के साथ संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों की सुनवाई कर रही थीं। समाधान दिवस में राम उग्गर पुत्र धरखन निवासी ग्राम बिछुड़ी ने आयुक्त से शिकायत की थी कि हल्का लेखपाल सत्य प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा सक्षम अधिकारी के आदेश के बावजूद कार्य नहीं किया जा रहा है। एक साल से लगातार हमको दौड़ाया जा रहा है। इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त ने डीएम को कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग द्वारा गठित संयुक्त टीम अवैध अतिक्रमण के मामले में मौके पर जाकर विवाद को निस्तारित कराना सुनिश्चित करे। उन्होंने तालाब की पैमाइश, चकरोड, नाली व सार्वजनिक मार्गों पर से अवैध अतिक्रमन को पुलिस फोर्स के साथ प्रार्थमिकता के साथ हटवाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शिकायत कर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उनके आने पर अपनी रिपोर्ट में इसका लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण का फोटोग्राफी वीडियोग्राफी भी कराना सुनिश्चित करें।
शनिवार को तहसील सदर में कुल 132 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें 05 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्र को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी पंकज कुमार शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रश्मि वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, उपजिलाधिकारी सदर विनोद कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार सिंह, सीओ सदर शिल्पा वर्मा, उपनिदेशक कृषि प्रेम ठाकुर, पीडी डीआरडीए चंद्रशेखर, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दूबे समेत अनेक जनपद और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
गोंडा जिले की एक अदालत ने ‘ऑपरेशन कनविक्शन’ के तहत अभियोजन की प्रभावी पैरवी से अवैध मादक पदार्थ के एक तस्कर को एक वर्ष का सश्रम कारावास व 10 हजार रुपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि परसपुर थाने की पुलिस ने 05 सितंबर 2020 को मादक पदार्थ तस्कर राकेश उर्फ ननके को नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। सत्र परीक्षण के दौरान विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन तथा उभय पक्ष के अधिवक्ताओं को सुनने के उपरांत राकेश उर्फ ननके गोस्वामी पुत्र विश्वम्भर निवासी चरहुआ थाना परसपुर जनपद गोण्डा को एक वर्ष का सश्रम कारावास व 10 हजार रुपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि दोषी को सजा दिलाने में सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अनुपम शुक्ला, मॉनिटरिंग सेल के प्रभारी रायसाहब यादव, कोर्ट मोहर्रिर नम्रता चौधरी व थाना परसपुर के पैरोकार आरक्षी वासुदेव ने प्रभावी भूमिका निभाई।
गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने किसानों द्वारा निराश्रित गोवंशों को सरकारी भवनों में अनधिकृत रूप से कैद किए जाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दिया है। शनिवार को पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में लंपी स्किन डिजीज की समीक्षा बैठक में उन्होंने जनपद के सभी पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी गौशालाओं में इस बीमारी से संबंधित दवाओं का छिड़काव कराना तथा गौशालाओं में संरक्षित निराश्रित गोवंशों का टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सरकारी भवनों में यदि निराश्रित पशुओं को बांधा जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एम.अरुन्मोली, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, उपजिलाधिकारी सदर विनोद कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी टीजे पाण्डेय, जिले के खंड विकास अधिकारी, सभी पशु चिकित्सा अधिकारी व कान्हा गौशाला के गौ सेवक आदि उपस्थित रहे।
गोंडा जिले की पुलिस ने गोवंश की तस्करी करने वाले 04 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक टाटा मैजिक पर लदे 03 अदद गोवंश बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा अपराध एंव अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत धानेपुर थाने की पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर खास की सूचना पर गोवंशों की तस्करी करने वाले 04 तस्करों हनीफ, रईश अहमद, शाद आलम उर्फ सद्दू तथा मुमताज निवासीगण जनपद बलरामपुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 03 अदद गोवंश बरामद किया। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त एक अदद टाटा मैजिक को सीज किया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त गणों के विरुद्ध स्थानीय थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गोंडा के जिला उद्यान अधिकारी पारस नाथ ने बताया है कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अन्तर्गत नई खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना तथा पुरानी इकाइयों के उन्नयन के लिए इच्छुक व्यक्ति विभाग से अनुदान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि फल प्रसंस्करण, खाद्यान्न प्रसंस्करण, बेकरी एवं अन्य उद्योगों जैसे मसाला, दाल, चावल, चिप्स, पापड़, सेवई, पास्ता इत्यादि उद्योगों के प्रसंस्करण हेतु परियोजना लागत का 90 प्रतिशत ऋण एवं इकाइयों में प्रयोग होने वाले मशीनरी एवं उपकरणों पर 35 प्रतिशत, जो अधिकतम 10 लाख रूपये तक हो सकता है, अनुदान के रूप में दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी के लिए उनके बादशाह बाग पंत नगर स्थित कार्यालय अथवा डीआरपी के मोबाइल संख्या 7985538416 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद नई दिल्ली एवं एसआईएस इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में सुरक्षा कार्यो के लिए जनपद के सभी विकास खंडों में भर्ती कैंप का आयोजन किया जा रहा है जिसमें ग्रामीण व शहरी शिक्षित बेरोजगार अभ्यर्थियों का पंजीयन के बाद प्रशिक्षण कराकर रोजगार प्रदान किया जायेगा। अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 सितंबर को तरबगंज, 5 को छपिया, 6 को बभनजोत, 8 को परसपुर, 9 को करनैलगंज, 11 को पण्डरी कृपाल, 12 को झंझरी, 13 को रूपईडीह, 14 को मुजेहना, 15 को कटरा बाजार, 16 को हलधरमऊ, 19 को नवाबगंज, 20 को वजीरगंज, 21 को मनकापुर तथा 22 सितंबर को इटियाथोक विकास खंड मुख्यालय पर प्रातः दस बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक भर्ती कैंप का आयोजन किया जायेगा।
गोंडा जिले के परसपुर थाने में एक अधेड़ व्यक्ति के पिछले 10 दिन से लापता होने पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पाण्डेय ने बताया कि थाना क्षेत्र के सुसुंडा निवासी अरुण शुक्ला ने अपने पिता शिव बहादुर शुक्ला उम्र करीब 58 वर्ष, के बारे में बीते 22 अगस्त से लापता होने की जानकारी दी है। हमारे सहयोगी महादेव मौर्य ने अरुण के हवाले से बताया कि उसके पिता मंदबुद्धि के हैं तथा उनकी दिमागी हालत भी ठीक नही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पीड़ित के प्रार्थनापत्र पर गुमशुदगी दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गोण्डा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी एम अरून्मौलि ने कर्नलगंज क्षेत्र की निवासी एक होनहार छात्रा प्रिया रावत को उसके शानदार परीक्षाफल के लिए जिला स्तर पर प्रशस्ति-पत्र, मेडल के साथ कुछ धनराशि देकर सम्मानित किया। छात्रा के परिजनों एवं स्वजनों ने इस पर खुशी व्यक्त करते हुए चित्रगुप्त इंटर कॉलेज कर्नलगंज के प्रबंधक, प्रधानाचार्य तथा विद्यालय के सभी शिक्षकों के प्रति आभार जताया है।
गोण्डा जिले के कौड़िया थाने के दुबहा बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरा लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। चौकी प्रभारी प्रेमानंद ने हमारे सहयोगी चंद्रशेखर पांडेय को बताया कि अपराधों पर रोकथाम लगाए जाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कस्बों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक क्षेत्र के रंपत चौराहा तथा कस्बे में कैमरे लगाए जा चुके हैं। शेष प्रमुख स्थानों पर शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरा लगा दिया जाएगा।
