गोंडा । जिले के कर्नलगंज कोतवाली इलाके के चकरौत गांव में एक ही घर से कोरोना से हुई पांच और तीन अन्य की मृत्यु से हड़कंप और दहषत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक विगत दिनों मंडी समिति के लिपिक हनुमान प्रसाद श्रीवास्तव की मौत हो गई थी। उसके बाद उनकी 75 वर्षीय मां सरला श्रीवास्तव पत्नी मोतीलाल श्रीवास्तव की मौत हुई। इसी सप्ताह में उनके 46 वर्षीय भाई अश्वनी श्रीवास्तव पुत्र मोतीलाल श्रीवास्तव की मौत हुई। उसके बाद 45 वर्षीय उषा श्रीवास्तव पत्नी अश्वनी की भी मौत हो गई। मुसीबत यहीं नहीं थमी अश्वनी का 22 वर्षीय जवान बेटा सौरभ श्रीवास्तव की मौत हो गई। एक सप्ताह के भीतर एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं इसी गांव में सरिता (45) पत्नी कृष्ण लाल तथा गांव की सीमा पर ग्राम बाबुरास पांडेपुरवा निवासी श्रीनाथ शुक्ल (60) पुत्र भगवती प्रसाद की कोरोना से मौत हुई है। इसके अलावा करनैलगंज क्षेत्र के युवा वर्ग में भी कोरोना का संक्रमण तेजी से प्रभावी है जिसमें पाण्डेयचैरा के रहने वाले मनीष सिंह (22) पुत्र मदन सिंह की मौत हो गई। तो वहीं गुरसडी के सुभम (21) पुत्र दयाराम गोस्वामी की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। गांव के कई और लोगों में भी कोरोना संक्रमित होने की संभावना जताई जा रही है।
