– आग से एक लाख का हुआ नुकसान, फायर ब्रिगेड टीम न पहुंचने से आक्रोश
मीरजापुर (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ददरी गांव में बुधवार की सुबह चाय बनाते समय गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से रिसाव होने से दो घरों में आग लग गई। साथ ही आग बुझाते समय तीन लोग झुलस भी गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। गृहस्वामी ने एक लाख रुपये का नुकसान होना बताया। सूचना देने के करीब दो घंटे बाद भी फायर ब्रिगेड टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। इससे लोगों में काफी आक्रोश दिखा।
ददरी गांव निवासी कृष्ण बहादुर सिंह की पत्नी बुधवार की सुबह अपने कच्चे मकान की रसोई घर में गैस चूल्हा पर चाय बना रही थीं। उसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से गैस रिसाव के कारण आग लग गई। देखते ही देखते कृष्ण बहादुर सिंह के घर में लगी आग ने घर से सटे छोटे भाई शिवबहादुर सिंह के कच्चे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की जानकारी मिलने पर कृष्ण बहादुर सिंह ने शोर मचाया तो आसपास के लोग बाल्टी-डिब्बा में पानी लेकर आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। बाल्टी-डिब्बा से पानी डालने से आग पर कोई असर न पड़ने पर पड़ोसी का सबमर्सिबल पंप चलाकर पानी की बौछार की गई, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।
आग बुझाते समय शिवबहादुर सिंह व उनके पुत्र अमित सिंह, सुमित सिंह भी झुलस गए। तीनों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा है। पीड़ित कृष्ण बहादुर सिंह व उनके छोटे भाई शिवबहादुर सिंह ने बताया कि आग से गृहस्थी का करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
कमलेश्वर शरण/मोहित
