Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगेस्ट हाउस में फंदे से लटकता मिला छात्र का शव ,चक्काजाम

गेस्ट हाउस में फंदे से लटकता मिला छात्र का शव ,चक्काजाम

वाराणसी (हि.स.)। रोहनिया थाना क्षेत्र के पंचक्रोशी रोड औढ़े गांव स्थित एक गेस्टहाउस में शनिवार को 22 वर्षीय छात्र का शव संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटकता मिला। सूचना पाते ही पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूछताछ और छानबीन के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्र घर की माली हालत ठीक न होने पर गेस्टहाउस में काम भी करता था।

करसड़ा पतेरवा निवासी राजकुमार उर्फ कल्लू पटेल का पुत्र राहुल पटेल (22) बच्छाव स्थित सरदार पटेल डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। घर की आर्थिक स्थिति को देखते हुए राहुल अपने खर्च के लिए औढ़े गांव स्थित प्रियांशु गेस्ट हाउस के रेस्टोरेंट में रात की पाली में काम करता था। पिता कल्लू पटेल के अनुसार राहुल नाइट शिफ्ट में काम करने के लिए प्रतिदिन की भांति शुक्रवार को शाम पांच बजे ड्यूटी पर गया था। आज सुबह दस बजे तक घर न लौटने पर पता करने पर उसकी मौत की खबर मिली। हम सभी परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो राहुल के शव को पुलिस ने पहले से ही फंदे से उतार लिया था। राहुल पटेल की मां और परिजनों ने आरोप लगाया कि गेस्ट हाउस के संचालक ने बेटे को मार कर फंदे पर लटका दिया। हम लोगों को घटना की जानकारी गेस्ट हाउस के मालिक ने नहीं दी।

घटना से क्षुब्ध परिजनों ने गांव वालों के साथ मिलकर सड़क पर चक्का जाम भी किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर लगभग 15 मिनट के बाद आवागमन बहाल कराया। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए रोहनिया थाने पर पहुंचकर घेराव किया। मामले को संदिग्ध मानते हुए रोहनिया पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की तो राहुल रात दस बजे के लगभग होटल से बाहर जाते दिखा । भोर में चार बजे के लगभग आते हुए दिखा, जिसके बाद वह कमरे में चला गया। फुटेज मृतक के परिजनों को भी दिखाया गया।

श्रीधर/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular