लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं की इस समय उत्तर प्रदेश में ताबड़तोड़ सभाएं हो रही हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 30 दिसंबर को मुरादाबाद, उन्नाव और अलीगढ़ में जनसभा को संबोधित करेंगे।
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने बुधवार को एक बयान में बताया कि अमित शाह जन विश्वास यात्रा के दौरान आयोजित विशाल जनसभाओं को गुरुवार को संबोधित करेंगे। पहली सभा पूर्वाह्न 11 बजे मुरादाबाद के बुद्धि बिहार ग्राउंड में आयोजित होगी। इसके बाद शाह दोपहर 12:30 बजे अलीगढ़ के तालानगरी ग्राउंड में जनसभा में जनसंवाद करेंगे। वहीं अपराह्न तीन बजे उन्नाव के रामलीला ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले 28 दिसंबर को अमित शाह ने प्रदेश के तीन जिलों- हरदोई, सुलतानपुर और भदोही में जनसभा की थी।
संतोष सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की पुन: सरकार लाने का मन बना चुकी है। जनता तैयार बैठी है। जिस प्रकार से जनविश्वास यात्रा को जनता का समर्थन मिल रहा है, उससे विपक्ष परेशान है। सभी रैलियों में अपार जनसमूह जुटेगा। जनविश्वास यात्रा के माध्यम से हम लोग केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
दिलीप शुक्ला
