बांदा (हि.स.)।जिले के नरैनी थाना अंतर्गत शंकर बाजार में मंगलवार को एक युवक ने नाजायज तमंचे से खुद को गोली मार ली । गोली की आवाज सुनते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखा गया तो युवक अपने कमरे में खून से लथपथ पड़ा था, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे थाना नरैनी क्षेत्र के ग्राम मुकेरा के रहने वाले शाहिद अली (35) पुत्र सादिक अली ने तमंचे से फायर कर आत्महत्या कर ली। वह शंकर बाजार के नरैनी कस्बे में किराये के मकान में रहता था। मौके पर उच्चाधिकारी फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड ने पहुंच कर जांच पड़ताल की है। अवैध तमंचा को बरामद कर लिया गया है ।अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव कोपोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ।
पूछताछ में पता चला कि शाहिद का अपनी पत्नी से घरेलू मतभेद था। दोनों के बीच मुकदमा चल रहा था। उसकी शादी लगभग 7 वर्ष पूर्व हुई थी तथा वह अपनी पत्नी से अलग रहता था। उसकी कोई सन्तान नहीं थी । वह लगातार अवसाद ग्रस्त रहता था । मौके पर विधिक कार्यवाही की जा रही है ।
अनिल/सियाराम
