आजमगढ़ (हि.स.)। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली से ठीक पहले सूचना जनसम्पर्क विभाग विभाग द्वारा केन्द्र और प्रदेश सरकार के गये विकास कार्यो को दर्शाते हुए लगाई गयी होर्डिंग को रात के अंधेरे में कई स्थानों पर फाड़ दिया गया। हैरत की बात है कि इन होर्डिंग को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इटौरा स्थित जेल तिराहे तक फाड़ा गया लेकिन किसी को कानों-कान खबर नहीं हो सकी। जानकारी के बाद जिला प्रशासन में हड़कम्प मच गया। प्रशासन नयी होर्डिंग लगाने में जुटा है।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह कुछ ही घंटों जिले को राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने वाले हैं। इससे ठीक पहले समाजवादी पार्टी के गढ़ में सूचना जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई विकास योजनाओं की होर्डिंग को रात में फाड़ दिया गया था। सुबह जब इसकी जानकारी लोगों को हुई तो पता चला कि केवल एसपी आफिस ही नहीं बल्कि विकास भवन के साथ नगर के चंडेश्वर और इटौरा मोड़ तक होर्डिंग को फाड दिया गया है। इसकी जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और आनन-फानन में कई स्थानों पर नयी होर्डिंग को लगवाया। वही इस मामले में भाजपा नेताओं का कहना है कि ओछी मानसकिता के लोगों ने ऐसा किया है। प्रशासन को इस मामले में जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए।
