सभी 90 वार्डों में सीवर ओवरफ्लो और दूषित पेयजल की समस्या का लगाया आरोप
वाराणसी (हि.स.)। गृहकर में बढ़ोतरी और नगर में दूषित पेयजल की आपूर्ति के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम मुख्यालय का जमकर घेराव किया। पार्टी के जिला व महानगर इकाई के तत्वावधान में जुटे कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने प्रदेश सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन और घेराव में शामिल प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष, पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि काशी की जनता मूलभूत जनसमस्याओं से प्रतिदिन जूझ रही है। सरकार मार्केटिंग में व्यस्त है।
90 वार्डों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या,दूषित जल,शहर के गलियों में जगह – जगह सीवर के टूटे हुए ढक्कन,कई जगहों पर मिनी नलकूप की आवश्यकता मुंह बाये खड़ी है। गृहकर में बेतहाशा बढ़ोतरी और दूषित पेयजल काशी की सबसे बड़ी समस्या है । नगर निगम के अधिकारी विपक्ष के पार्षदों की बात नहीं सुनते हैं। कूड़ै का अंबार हर वार्डोँ में दिखने को मिलता है। प्रदेश शासन पर भी इस बात का कोई असर नहीँ है।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अफसर शासन की सरपरस्ती में वसूली में लिप्त है। हर जोन में भ्रष्टाचार व्याप्त है। नगर निगम इंजीनियरिंग विभाग में किसी भी चौकी पर न तो बेलदार हैँ न ही सुर्खी,चूना,बालू,सीमेंट की व्यवस्था है। नगर आयुक्त लगातार विपक्ष के पार्षदों को अनदेखा करते हैं।
घेराव में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा,दुर्गा प्रसाद गुप्ता,फ़साहत हुसैन बाबू, राजेश गुप्ता,प्रो. अनिल उपाध्याय,सजीव सिंह,पार्षद रमज़ान अली, पार्षद अफज़ाल अंसारी, पार्षद साजिद अंसारी, पार्षद एखलाक, पार्षद बेलाल अंसारी, पार्षद गुलशन अली, पार्षद डाॅ. अख्तर अली, पार्षद सलीम, पार्षद अरशद लड्डू, पार्षद प्रिंस राय खगोलन, पार्षद विनय शादेजा, पार्षद रियाजुद्दीन, पार्षद वकास अंसारी, पार्षद अनीसुर्रहमान, पार्षद तुफैल अंसारी आदि शामिल रहे।
श्रीधर
