शिक्षक दिवस पर 75 शिक्षकों को किया गया सम्मानित
प्रतापगढ़ (हि.स.)। प्रतापगढ़ जिले में पूर्व राष्ट्रपति डाॅ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयन्ती शिक्षक दिवस के अवसर पर रविवार को क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान अफीम कोठी सभागार में 75 शिक्षकों को जिले के नोडल अधिकारी मंडलायुक्त संजय गोयल ने सम्मानित किया।
नोडल अधिकारी ने कहा 75 शिक्षकों का समारोह आयोजित किया गया है, इसका प्रत्येक शिक्षक हकदार है। गुरू का स्थान ईश्वर से भी ऊपर है। इस महामारी के पश्चात् यह देखने को मिला है कि शिक्षकों ने बच्चों की पढ़ाई के सम्बन्ध में अपनी कोशिश निरन्तर जारी रखी है, शिक्षक एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने शिक्षकों से अपील किया कि शिक्षक बच्चों के लिये अटूट विश्वास है जो उसको बनाये रखें और बच्चों को एक अच्छा नागरिक बनाने का लक्ष्य लेकर चलेंं। जिससे वे नये राष्ट्र का निर्माण करें और नई प्रगति के रास्ते पर चलें। शिक्षक द्वारा दिखायी गयी दिशा और दशा से व्यक्ति विद्वान बनता है और शिक्षक का सम्मान सबसे ऊपर होता है। माता-पिता और शिक्षक दुनिया के सबसे बड़े मार्गदर्शक हैं।
जिलाधिकारी डाॅ नितिन बंसल ने कहा कि पांच सितम्बर ऐसा दिन है जो हर एक विद्यार्थी का एक महत्वपूर्ण दिन है। क्योंकि बच्चों की शिक्षा विद्यालय के शिक्षकों के माध्यम से ही प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि 17 विकास खण्डों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को आज सम्मानित किया गया। प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में हर एक कोई शख्स शिक्षक होता है। चाहे वह माता-पिता, अध्यापक, साथी, अधिकारी हो। इन सभी के माध्यम से शिक्षा प्राप्त होती है और कुछ न कुछ सीखने का मौका मिलता है। कोविड-19 के दौरान पंचायत चुनाव में शिक्षकों की जो महत्वपूर्ण भूमिका रही है उसको हम कभी भी भूल नही सकते।
