– बसपा अध्यक्ष ने छठ पर्व पर प्रदेशवासियों को दी बधाई
लखनऊ (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने छठ पर्व की प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं। उन्होंने कहा कि कुदरत सबकी मनोकामनायें पूरी करे। इस दौरान उन्होंने यूनिफार्म सिविल कोड के मामले पर केन्द्र सरकार पर निशाना साधा है।
बसपा अध्यक्ष मायावती ने अपने ट्वीट कर कहा कि यूपी व अन्य राज्यों में भी रोजगार व विकास के बजाय बीजेपी द्वारा विवादित एवं विभाजनकारी मुद्दों की तरह समान नागरिक संहिता को चुनावी मुद्दा बनाना खास बात नहीं। गुजरात में इसको चुनावी मुद्दा बनाने से इस आमचर्चा को बल मिलता है कि वहां भाजपा की हालत वास्तव में ठीक नहीं है। जबकि केन्द्र ने अभी हाल में स्वंय सुप्रीम कोर्ट में कहा है कि यूनिफार्म सिविल कोड के मामले पर कोई निर्णय अभी न किया जाए क्योंकि इसे वह 22वें लॉ कमीशन को सौंपेगी। तो फिर गुजरात विधानसभा चुनाव में ऐसा क्या होने जा रहा है जिससे बीजेपी विचलित है व झुक रही है।
उन्होंने कहा कि साथ ही, चुनाव को प्रभावित करने के लिए जनता की नजर से अज्ञात श्रोतों से प्राप्त अकूत धन का इस्तेमाल कितना उचित ? ताजा आँकड़े बताते हैं कि गुजरात व हिमाचल विधानसभा आमचुनाव से पहले चुनावी बाण्ड की गुप्त फण्डिंग की मार्फत 545 करोड़ रुपये के चन्दे दिए गए हैं। यह धन कहाँ जा रहा है ?
दीपक
