Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगुजरात मॉडल पर भारी पड़ा मैनपुरी मॉडल : अखिलेश यादव

गुजरात मॉडल पर भारी पड़ा मैनपुरी मॉडल : अखिलेश यादव

-सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 2024 और 2027 में चुनाव जीतने का किया दावा

इटावा(हि.स.)। “मैनपुरी मॉडल ने गुजरात मॉडल फेल कर दिया। भाजपा वाले क्या-क्या सपने देख रहे थे। आजमगढ़ और रामपुर को हरा लिया तो यहां भी हरा लेंगे। मैनपुरी और जसवंतनगर के लोग स्प्रिंग की तरह हैं। जितना दबाओगे उतना ही उछल जाएंगे। ये जीत छोटी जीत नहीं हैं। मैनपुरी की जीत ने समाजवादियों को नई ऊर्जा देने का काम किया है।” यह बातें शु्क्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर सैफई के हेंवरा डिग्री कॉलेज सभागार में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेख यादव ने कही।

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “मैनपुरी को जिताकर यहां की जनता ने दिखा दिया है कि हम जितना जमीन पर लड़ेंगे उतना ही बेहतर परिणाम सामने आएंगे। अब चाचा भी साथ हैं। हमारी ताकत बढ़ी है। अब हम 2024 में लोकसभा और 2027 उप्र विधान सभा चुनाव भी जीतेंगे।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सपा के विधायकों को परेशान किया जा रहा है। योगी सरकार जेल बदलेगी और हम उन सभी जेलों में अपने-अपने नेताओं से मिलने जाएंगे। यह बात उन्होंने कानपुर से पार्टी विधायक इरफान सोलंकी की जेल शिफ्ट करने पर कही।

किसान विरोधी है भाजपा सरकार : अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह बड़े किसान नेता थे। भाजपा किसानों के खिलाफ काम करती है। किसानों के सामने तीन कानून को लेकर भाजपा को झुकना पड़ा। चौधरी चरण सिंह और नेताजी ने किसानों की लड़ाई लड़ी। मौजूदा केन्द्र व प्रदेश की सरकारों ने कोई भी नई मंडी नहीं बनाई। अब भाजपा प्रापर्टी कार्ड के माध्यम से किसानों की जमीनों को छीनने का काम करने जा रही है। इसलिए चौधरी चरण सिंह का दिखाया गया रास्ता ही किसानों के लिए बेहतर है।

इससे पूर्व चौधरी की जयंती पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्नी डिंपल यादव व चाचा शिवपाल यादव के साथ डिग्री कॉलेज में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular