Friday, April 17, 2026
Homeराज्य गुजरात : भाजपा ने बगावत कर चुनाव लड़ने वाले सात नेताओं को...

 गुजरात : भाजपा ने बगावत कर चुनाव लड़ने वाले सात नेताओं को पार्टी से किया निलंबित

-मधु श्रीवास्तव, दिनेश पटेल, धवलसिंह झाला सहित सात पर भाजपा ने की कार्रवाई

अहमदाबाद (हि.स.)। गुजरात विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर भाजपा से बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन करने वाले पार्टी के सात नेताओं को निलंबित कर दिया गया है। इनमें वाघोडिया सीट से मधु श्रीवास्तव, पादरा से दिनेश पटेल और बायड से धवल सिंह झाला के नाम शामिल हैं।

इस चुनाव में भाजपा ने नो रिपीट थ्योरी के आधार पर कई जगहों पर मुख्य दावेदारों और विधायकों को टिकट नहीं दिया। इससे कई स्थानों पर विरोध के सुर प्रबल तेज हो गया। हालांकि पार्टी ने कई जगहों पर ऐसे बागी और नाराज नेताओं को मना लिया गया। वहीं वडोदरा जिले के मांजलपुर सीट से भाजपा के सीटिंग विधायक योगेश पटेल के न मानने पर उनकी जिद के आगे पार्टी झुक गई और उन्हें उम्मीदवार घोषित करना पड़ा। भाजपा की चेतावनी के बाद भी अपना नामांकन वापस न लेने पर पार्टी ने सात नेताओं को पार्टी से निलंबित कर दिया। इनमें नांदोद से हर्षद वसावा, केशोद से अरविंद लाडाणी, वडोदरा की वाघोडिया सीट से मधु श्रीवास्तव, पादरा से दिनेश पटेल, बायड से धवल सिंह झाला, महिसागर से जयप्रकाश पटेल और धानेरा से मावजी देसाई शामिल हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने दी थी चेतावनी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने बताया कि विधानसभा की 182 सीटों के लिए 4100 दावेदारों ने टिकट मांगी थी। सभी दावेदार चुनाव लड़ने में सक्षम हैं। इसी तरह स्थानीय निकायों के चुनाव के समय भी नौ हजार सीटों के लिए दो लाख लोगों ने टिकट मांगी थी। बाद में जिन्हें टिकट नहीं मिली, उन सभी कार्यकर्ताओं-नेताओं ने पार्टी के प्रति निष्ठा रखी और पार्टी के लिए काम किया। उन्हाेंने बताया कि भाजपा ने मधु श्रीवास्तव, दिनेश पटेल, धवलसिंह झाला को बगावत करने पर चेतावनी दे कर अपना निर्णय बदलने को कहा था। उनके न मानने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। पाटिल ने कहा कि बागियों के न मानने पर अंतत: पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सात लोगों को निलंबित कर दिया है।

बिनोद पांडेय

RELATED ARTICLES

Most Popular