कानपुर (हि.स.)। साल के आखिरी सप्ताह में मौसम ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है और दो दिन से लगातार तापमान गिर रहा है। पहले दिन चार डिग्री तो दूसरे दिन दो डिग्री सेल्सियस तापमान गिरा। दो दिन में छह डिग्री तापमान गिरने के साथ बर्फीली हवाओं से लोगों को कड़ाके की सर्दी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि जिस तरह से तापमान गिर रहा है उससे संभावना है कि शीत लहर जल्द आ सकती है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि सोमवार से उत्तरी पश्चिमी हवाएं चलना शुरु हो गई हैं। इससे पहले यह हवाएं 20 दिसम्बर तक चली थी और बाद में उत्तरी पूर्वी हवाएं चलने लगी थी, जिससे दिन और रात का तापमान बढ़ने लगा था। अब एक बार फिर हवाओं की दिशाएं उत्तरी पश्चिमी हो गई हैं और बर्फीली हवाएं पहाड़ों से मैदानों की ओर तेजी से आ रही हैं। इसके चलते गंगा के मैदानी इलाके में ठंड और बढ़ गई, क्योंकि पहाड़ों के मौसम से गुजरकर आने वाली हवा में ठंडक ज्यादा होती है। अभी हवा की गति बढ़ेगी और पश्चिमी हवा चलने से गलन और बढ़ने की संभावना है। जिस तरह से तापमान गिर रहा है उससे आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस जा सकता है। इससे कानपुर मण्डल में शीत लहर की संभावना बढ़ जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में अधिकतम तापमान 18.0 और न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 94 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 67 प्रतिशत रही। हवा की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 4.5 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के साथ सर्द उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण शीत लहर की स्थित बन सकती है लेकिन वर्षा की कोई संभावना नहीं है तथा प्रातः काल व रात्रि के समय कोहरा बना रहेगा।
अजय सिंह
