मेरठ(हि.स.)। प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनैतिक पेंशन, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ, नागरिक सुरक्षा मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने शनिवार को मेरठ में जिला योजना समिति की बैठक ली। बैठक में उन्होंने किसानों का बकाया गन्ना मूल्या भुगतान शीघ्र कराने के निर्देश दिए। बकाया भुगतान नहीं करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गाय का दूध अमृत समान है।
विकास भवन सभागार में शनिवार को जिला योजना समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से विभाग की योजनाओं की जमीनी हकीकत को परखा। उन्होंने कहा कि निराश्रित गौवंश के लिए गौ आश्रय स्थल बनाए जाए। कृत्रिम गर्भाधान तथा बधियाकरण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कि गाय का दूध अमृत समान है। देशी गाय के दूध का उत्पादन बढाने की दिशा में कार्य किया जाए। कोई भी गौवंश भूखा न रहे।
उन्होंने जिलाधिकारी को भूसा बैंक बनाने के निर्देश दिए। किसानों की आय को बढ़ाने के लिए सूअर पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन पर हुए कार्य की जानकारी ली। प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों को ऋण देने में बिल्कुल भी कोताही न बरती जाए। पशुपालन की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं, उन पर दिये जाने वाले अनुदान आदि की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए।
बैठक में उपस्थित जिला पंचायत सदस्य द्वारा मांग की गई कि गायों में बांझपन की समस्या से निपटने के लिए कैम्प लगाकर उपचार कराने की व्यवस्था की जाए। इस पर प्रभारी मंत्री ने सीवीओ को कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाल ही में गायों में फैली लम्पी नामक महामारी को प्रदेश सरकार ने सफलतापूर्वक फैलने से रोका। वन विभाग द्वारा लगाए गए वृक्षों की संख्या के बारे में जानकारी प्राप्त की गई
मंत्री ने कहा कि मेरठ में पर्यटन के विकास की असीम संभावनाएं है। मेरठ का हस्तिनापुर महाभारतकालीन राजधानी रही है। महाभारत सर्किट के अंतर्गत क्षेत्र को विकसित करने की दिशा में कार्यवाही की जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि जनपद में 56 उपकेन्द्रों को हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर के रूप में परिवर्तित करके संचालित किया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद में सिंगल यूज प्लास्टिक को बैन किया जाए। सभी अधिकारी जनप्रतिनिधियों से संवाद बनाए रखें।
बैठक में कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल, धर्मेंद्र भारद्वाज, अश्विनी त्यागी, जिलाधिकारी दीपक मीणा, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, विधायक सिवालखास गुलाम मौहम्मद, विधायक मेरठ शहर रफीक अंसारी, मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप
