मेरठ़(हि.स.)। प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास और मेरठ के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि फरियादी की शिकायतों को तुरंत सुनकर कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता को ऊपरी स्तर तक न जाना पड़े। गोशाला में गोवंश को संरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता है। गाय और गाय के उत्पाद के आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
प्रदेश के पशुधन, दुग्ध विकास, राजनैतिक पेंशन, अल्पंसख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज तथा नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मपाल सिंह सोमवार को मेरठ पहुंचे। सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ता के साथ उन्होंने विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। सभी निराश्रित गोवंश को मार्च के अंत तक गौशाला में पहुंचाया जाए। आदतन गोवंश को छोड़ रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। गाय एवं गाय का उत्पाद आर्थिक दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए सरकार द्वारा गोवंश से संबंधित विभिन्न योजनाएं चलाई गई है। सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करके गाय एवं गाय के उत्पाद की जानकारी दी जाए। जिससे दूध पीने के पश्चात गोवंश को छोडने की घटनाएं हो सकें।
मेरठ के प्रभारी मंत्री ने कहा कि पर्यावरण के अनुकूल गोबर के विभिन्न उत्पाद बनाने के प्रयास चल रहे हैं। जिससे एक तरफ गोबर से बने पर्यावरण अनुकूल विभिन्न उत्पाद आसानी से प्राप्त होंगे तो दूसरी तरफ लोगो को आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। पशुपालन विभाग के अंतर्गत मुर्गी पालन, बकरी पालन जैसी विभिन्न योजनाओं पर लगभग 50 प्रतिशत तक की सब्सिडी सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जाए। गोवंश को संरक्षित करने के लिए सरकार द्वक्षरा पीपीपी मॉडल पर गोशाला का निर्माण करने की योजना लागू की जा रही है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश गर्ग ने बताया कि सहभागिता योजना के अन्तर्गत गोवंश को इच्छुक पशुपालकों के सुपुर्द किया जा रहा है। वर्तमान में जनपद मेरठ में 15 नए गो आश्रय स्थलों का निर्माण किया जा रहा है। इस अवसर पर उप्र उपभोक्ता सहकारी संघ के अध्यक्ष संजीव गोयल सिक्का, एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मनिन्दर पाल सिंह, आयुक्त सेल्वा कुमारी जे., आईजी प्रवीण कुमार, सीडीओ शशांक चौधरी, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप
