कांग्रेस यात्रा के माध्यम से प्रेम, सद्भाव, सौहार्द्र और देश की अखण्डता का दे रही संदेश:राजेश मिश्र
वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से लगायत कश्मीर तक लगभग छत्तीस सौ किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बेहद उत्साहित है। भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से निकली यात्रा को अभूतपूर्व बनाने के लिए पार्टी के कद्दावर नेताओं ने भी कमर कस लिया है। प्रयागराज प्रांत से निकली भारत जोड़ो यात्रा 22 दिसंबर को वाराणसी पहुंचेगी। बनारस में निकलने वाली 22 किलोमीटर की यात्रा को यादगार बनाने के लिए वार्ड ग्राम और वार्ड स्तर पर तैयारी चल रही है।
मंगलवार अपरान्ह पार्टी के नेता अनिल श्रीवास्तव के सिगरा स्थित आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में वाराणसी के पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने यात्रा की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक भारत जोड़ो मिशन पर निकले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने सभी प्रांतीय अध्यक्षों के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा निकाली है। उन्होंने बताया कि 21 दिसम्बर की शाम को गाजीपुर से वाराणसी आ रही यात्रा के अभूतपूर्व स्वागत व पुनः 22 दिसम्बर को सारनाथ से यात्रा के ऐतिहासिक शुरुआत किया जाएगा, जिसमे अभूतपूर्व संख्या होगी ।
पूर्व सांसद ने कहा कि महात्मा गौतम बुद्ध, महान संत कबीर, अज़ीम शायर नज़ीर बनारसी के साथ ही साथ ही महान संत कबीर, रैदास, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की काशी सरज़मी रही है,के माध्यम से पूरे भारत को एकता का, प्रेम का, सद्भाव का संदेश देंगे। बनारस में होने जा रही इस भारत जोड़ो यात्रा पर न सिर्फ बनारस की जनता बल्कि पूरे भारत की नजर होगी, अतः पूरे यात्रा के मार्ग को सुव्यवस्थित कर तिरंगे से सजाया जाएगा । यात्रा के मार्ग में आने वाले सभी चौराहों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके प्रति अपनी विनम्र कृतज्ञता अर्पित की जाएगी । इसके लिए एक विस्तृत रोडमैप बनाई गई है।
पूर्व सांसद ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सिर्फ कांग्रेस की या किसी दल की यात्रा नही है, बल्कि यह हर उस व्यक्ति की यात्रा है जो देश से प्यार करता है। इस यात्रा में हमें उन सभी लोगों को जोड़ना है जो भारत को बचाना चाहते हैं, इसके बहुभाषी व बहुलतावादी सोच को बचना चाहते हैं ,तभी हमारा यह भारत जोड़ो मिशन कामयाब होगा ।
-यात्रा के लिए रूट निर्धारित
पूर्व सांसद ने बताया कि यात्रा के रुट को निर्धारित करते हुए लगभग 20 से 25 प्वांइट बनाये गये हैं। इन सभी प्वांइट्स को पदाधिकारियों के निर्देशन में दिया गया, जहां वे फूल मालाओं व ढोल नगाड़े के साथ अपने समर्थकों के साथ यात्रा का स्वागत करेंगे । इस यात्रा में कई वरिष्ठ केंद्रीय पदाधिकारियों के भी आने की पूरी सम्भावना है। वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतीश चौबे, अनिल श्रीवास्तव, प्रजानाथ शर्मा, प्रो.सतीश राय, हाजी रईस अहमद, डॉ अरविंद किशोर राय,संजीव राय आदि भी मौजूद रहे।
श्रीधर
