गाजीपुर (हि.स.)। जनपद में विश्वविद्यालय स्थापना की मांग जोर पकड़ने लगी है। गौरतलब हो कि वर्ष 2017 विधानसभा चुनाव से पूर्व व्यापक आंदोलन चलाकर गाजीपुर में विश्वविद्यालय स्थापना की मांग की गई, लेकिन सफलता नहीं प्राप्त हो सकी थी। बीच-बीच में युवाओं द्वारा जनपद में स्थापना की मांग की जाती रही है। अब इसकी मांग जोर पकड़ने लगी है। जिसके लिए सोशल मीडिया के प्लेटफार्म को एक प्रमुख हथियार के रूप में प्रयोग करने की योजना बनाई गई है।
योजना के अनुसार जनपद मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज के छात्र सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को विश्वविद्यालय स्थापना की अपनी मांग ट्विटर पर ट्रेंड कराएंगे।
पीजी कॉलेज के छात्र संघ भवन में शुक्रवार को हुई बैठक में यह निर्णय किया गया। तय हुआ कि ट्विटर पर हैज़ टैग (#GZP needs university) लगा कर ट्रेंड कराने काम सुबह दस बजे शुरू होगा। यह ट्विट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा तथा केशव प्रसाद मौर्य को टैग किया जाएगा।
बैठक में छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने बताया कि विश्वविद्यालय स्थापना के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की अनिवार्य शर्तों को गाजीपुर पूरा कर रहा है। बावजूद मजबूत राजनीतिक नेतृत्व के अभाव में सरकार इस मामले में गाजीपुर की अनदेखी कर रही है। यह गाजीपुर के छात्रों के साथ सरासर अन्याय है। उन्होंने कहा कि अपनी मांग की ओर सरकार का ध्यान खींचने के लिए ही छात्रों ने सोशल मीडिया के ट्विटर प्लेटफॉर्म को इस्तेमाल करने का निर्णय किया है।
बैठक में पूर्व छात्र नेता पंकज उपाध्याय, डॉ. समीर सिंह, पप्पू प्रजापति, राकेश यादव, सत्यपाल यादव, आशुतोष मिश्र, अमरजीत यादव, उजाला जायसवाल समेत अन्य छात्र उपस्थित रहे। अध्यक्षता अनुज कुमार भारती तथा संचालन प्रवीण विश्वकर्मा ने किया।
