वाराणसी (हि.स.)। चौक थाना क्षेत्र के कबीरचौरा-पियरी मार्ग पर गुरुवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने चेकिंग के नाम पर गाजीपुर के व्यापारी तबरेज अहमद से मारपीट कर 8 लाख रुपए छीन लिए। इस मामले में शाम को चौक पुलिस ने संदिग्ध दो मोटर साइकिल पर सवार चार बदमाशों का फुटेज जारी कर दिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से संदिग्ध लुटेरों की फोटो निकाली गई है।
गाजीपुर जिले के दिलदारनगर निवासी किराना व्यापारी तबरेज अहमद वाराणसी में खरीदारी और भुगतान करने के लिए 14 लाख रुपए लेकर आए थे। गोला दीनानाथ में तबरेज ने एक व्यापारी को 5 लाख रुपए का भुगतान किया। इसके बाद ऑटो में अकेले बैठ कर दालमंडी इलाके में खरीदारी करने जा रहे थे। कबीरचौरा पियरी मार्ग पर स्थित होटल ब्लू डायमंड के सामने खड़े तीन लोगों ने ऑटो रुकवाया और बोले कि हम पुलिस वाले हैं। इसके बाद उन्होंने व्यापारी का नाम पूछा और कहा कि अपना बैग चेक कराओ। बैग में कोई असलहा तो नहीं है। तीनों में से एक उनका बैग चेक करने लगा और एक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। अचानक घटना से अवाक व्यापारी के बैग से बदमाशों ने आठ लाख रुपए निकाल लिए और मोटर साइकिल से भाग निकले। व्यापारी ने बदमाशों का कुछ देर पीछा किया लेकिन वे भागने में सफल रहे।
श्रीधर
