गाजियाबाद(हि. स.)। साहिबाबाद पुलिस ने बुधवार को दिल्ली एनसीआर में सक्रिय वाहन लूट गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार तमंचे, दो सोने की चेन, तीन मोबाइल फोन तथा एक वकील से लूटी गई कार बरामद करने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि गाजियाबाद में इन अपराधियों के खिलाफ दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर (द्वितीय)ज्ञानेंद्र सिंह ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि साहिबाबाद थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे ने फोर्स के साथ साहिबाबाद इलाके से चेकिंग के दौरान चार युवकों को रोककर पूछताछ की तो यह लोग शातिर वाहन लूट गिरोह के सदस्य निकले।। इन लोगों में प्रताप विहार निवासी युसूफ, मिर्जापुर निवासी साकिब, बापूधाम आवासीय योजना निवासी सिद्धार्थ उर्फ सनी तथा शहीद नगर निवासी रियासत हैं।
उन्होंने बताया कि इन लोगों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि यह लोग शातिर किस्म के अपराधी हैं और रेकी करके वाहनों की लूटपाट भी करते हैं। पिछले दिनों उन्होंने गौर मॉल से पीछा करते हुए प्रताप विहार स्थित गंगाजल परियोजना के पास से एक वकील की आल्टो कार, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड। आदि लूट लिए थे तथा फरार हो गए थे। इसके अलावा उन्होंने कई दर्जन लूट की वारदातों को अंजाम दिया है।
श्री ज्ञानेंद्र ने बताया कि यूसुफ के खिलाफ विभिन्न थानों में 19, साकिब के खिलाफ 8, सिद्धार्थ उर्फ सनी के खिलाफ 6 तथा रियासत के खिलाफ 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इनके साथियों की तलाश की जा रही है।
