गाजियाबाद (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार को जनपद के जिलाधिकारी डॉ शंकर पांडेय ने उपलब्धियां गिनाई। इसके पूर्व लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में जिला प्रशासन के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को भी सुना।
जिलाधिकारी ने कहा कि गाजियाबाद दिल्ली-उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार है। मुख्यमंत्री योगी से लेकर प्रशासन के उच्च अधिकारियों तक का विशेष ध्यान जनपद पर रहता है। उत्तर प्रदेश के विकास में गाजियाबाद भी पूरी तरह से कंधे से कंधा मिलाकर चला है। इंदिरापुरम में कैलाश मानसरोवर भवन की स्थापना, निवाड़ी में बहुमंजिला प्रयोगशाला, हिंडन नदी एयरपोर्ट के सिविल एवियशन हवाई अड्डा और वहां से हवाई उड़ान जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किया गया।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार में गाजियाबाद का सर्वांगीण विकास हुआ है। इन चार वर्षों में निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ सभी कार्य पूर्ण हुए। इस मौके पर विकास कार्यों को लेकर तैयार की गई एक स्मारिका का भी विमोचन किया गया।
इस मौके पर महापौर आशा शर्मा, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, मोदीनगर की विधायक डॉ मंजू शिवाच, लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर व भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
