गाजियाबाद़ (हि. स.)। नगर निकाय चुनाव के लिए गुरुवार सुबह सात बजे मतदान कड़ी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शुरू हो गया। इस दौरान कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में वोट डालने के प्रति उत्साह देखा गया तो कई जगह पर कम मतदाता पहुंचे। विधायकों और मंत्रियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिलाधिकारी राकेश कुमार ने मतदान केंद्रों पर मतदान व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने खुद भी अपना वोट डाला और लोगों से ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की। उन्होंने नए मतदाताओं से उत्साहपूर्वक मतदान की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस उत्सव में निडर होकर अपने मत का अवश्य इस्तेमाल करें। जनपद में मतदान शांतिपूर्वक हो रहा है। सुरक्षा के कड़े प्रबन्ध किये गए हैं।
वार्ड 72 में निर्दलीय उम्मीदवार ने मतदान कर्मियों पर जानबूझकर मशीन बंद करने का आरोप लगाया। लोनी में फर्जी मतदान को लेकर विधायक नन्दकिशोर गुर्जर व एक वार्ड उम्मीदवार के बीच कहासुनी हुई। हालांकि पुलिस ने मामले को सम्भाल लिया। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कुमार कश्यप ने भागीरथ पब्लिक स्कूल सेक्टर 23 संजय नगर गाजियाबाद पोलिंग स्टेशन पर अपना वोट डाला। भाजपा महापौर उम्मीदवार सुनीता दयाल ने सरस्वती विद्या मंदिर नेहरू नगर में अपना मत डाला। सपा-रालोद गठबंधन की महापौर उम्मीदवार पूनम यादव ने अपना मत डाला। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने राजनगर स्थित शिलर इंस्टीट्यूट में अपनी पत्नी के साथ मताधिकार का प्रयोग किया।
गाजियाबाद में सुबह 11 बजे तक हुआ मतदान
*नगर निगम गाजियाबाद- 17.75 प्रतिशत
*नगर पालिका परिषद लोनी- 24.50 प्रतिशत
*नगर पालिका परिषद- मुरादनगर 21.20 प्रतिशत
*नगर पालिका परिषद मोदीनगर- 21.50 प्रतिशत
*नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर- 19.10 प्रतिशत
*नगर पंचायत फरीदनगर- 19.10 प्रतिशत
*नगर पंचायत पतला- 18.20 प्रतिशत
*नगर पंचायत निवाड़ी- 20.10 प्रतिशत
*नगर पंचायत डासना- 21.50 प्रतिशत
*कुल मत प्रतिशत- 20.33 प्रतिशत
फरमान अली
